निचले क्रम के बल्लेबाज आकाश दीप और जसप्रीत बुमराह ने 10वें विकेट के लिए शानदार साझेदारी कर भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में फॉलोऑन के खतरे से बाहर निकाला। कंगारू टीम के सहायक कोच डेनियल विटोरी ने भी माना कि इन दोनों बल्लेबाजों ने ही फॉलोऑन की योजना को विफल कर दिया जिससे मैच ड्रॉ की ओर अग्रसर हो गया है।
राहुल-जडेजा के बाद आकाश-बुमराह ने संभाला
बारिश से बाधित गाबा टेस्ट में भारत की स्थिति भले ही अच्छी नहीं दिख रही है, लेकिन केएल राहुल और रवींद्र जडेजा के अर्धशतकों के बाद बुमराह और आकाश दीप ने चौथे दिन के खेल के अंत में 39 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। स्टंप के समय आकाश दीप 27 और बुमराह 10 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत ने अपनी पहली पारी में नौ विकेट गंवाकर 252 रन बना लिए हैं, लेकिन वह ऑस्ट्रेलिया से 193 रन पीछे है। ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर अपना पहला मैच खेल रहे आकाश दीप जब क्रीज पर आए तब भारत का स्कोर नौ विकेट पर 213 रन था और टीम को फॉलोऑन से बचने के लिए और 33 रन की जरूरत थी। उन्होंने बुमराह के साथ आखिरी विकेट के लिए अच्छी साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों को हताश किया।
विटोरी ने चौथे दिन के खेल के बाद कहा, मुझे लगता है कि मैच से परिणाम हासिल करने का एकमात्र तरीका फॉलोऑन के लिए मजबूर करना था। हमने आखिरी विकेट हासिल करने की बेताबी दिखाई। जब जडेजा आउट हुए तो हमने सोचा कि हमारे पास वास्तव में अच्छा मौका है, लेकिन बुमराह और आकाश दीप ने वास्तव में संघर्षपूर्ण साझेदारी थी। इस मैच में दुर्भाग्य से काफी समय बर्बाद हो गया है और इसने चीजों को मुश्किल बना दिया है।
ऑस्ट्रेलिया ने पारी घोषित नहीं कर गलती की?
ऑस्ट्रेलिया ने बारिश से प्रभावित इस मैच के दूसरे दिन तक सात विकेट पर 405 रन बना लिए थे, लेकिन टीम ने पारी घोषित किए बिना तीसरे दिन भी खेलना जारी रखा। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 445 रन पर सिमटी थी। विटोरी से जब पूछा गया कि क्या टीम ने पारी घोषित करने में देरी की तो उन्होंने कहा, नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता। हम जानते है कि इस खेल में पहली पारी के रन बेहद महत्वपूर्ण होंगे। आप वास्तव में मौसम के लिए योजना नहीं बना सकते हैं। हमने ऐसे दिन भी देखे है जब मौसम पूर्वानुमान से अलग होता है।
ऑस्ट्रेलिया को तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के चोटिल होने से बड़ा झटका लगा। विटोरी ने कहा कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक को खोने से ऑस्ट्रेलिया की योजना पर असर पड़ा, लेकिन बारिश के कारण मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस की तेज गेंदबाजी जोड़ी को विश्राम का मौका मिल गया और उन पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ा। विटोरी ने कहा, अगर यह पूरे 90 ओवर का खेल होता तो परेशानी हो सकती थी लेकिन बारिश के कारण मार्श और कमिंस को विश्राम का मौका मिल गया। टीम में नाथन लियोन की मौजूदगी इस तरह की परिस्थितियों से निपटने में मदद करती है।