भारतीय आलराउंडर रविंद्र जडेजा ने पहले टेस्ट में जीत की दहलीज पर पहुंच चुकी टीम की कामयाबी का श्रेय स्पिनरों को दिया है।
उन्होंने कहा, ‘विकेट से काफी स्पिन मिल रही है और गेंद घूम रही है। लेकिन, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को छकाने के लिए स्पिनरों को सही जगह पर गेंद डालनी पड़ी। हम सुबह ऑस्ट्रेलिया की अंतिम जोड़ी मोइसिस हेनरिक्स और नाथन लियोन को जल्दी निपटा देंगे और जीत की औपचारिकता पूरी करेंगे।’
उल्लेखनीय है कि पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई पारी भारत के आर अश्विन, रविंद्र जडेजा और हरभजन सिंह के सामने बेबस दिखी। खास बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया को दोनों पारियों के सभी 20 विकेट इन्हीं तीनों स्पिनर के खाते में गए।
आर अश्विन ने पहली पारी में 7 विकेट जबकि दूसरी में 5 विकेट झटके। वहीं जडेजा ने दोनों पारियों में 5 और हरभजन ने 3 विकेट झटके। भारतीयों स्पिनरों ने पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया टीम को 380 रनों पर ऑलआउट किया था और दूसरी पारी में 241 रनों पर समेट दिया।