ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर शेन वाटसन पिंडली में चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ब्रिस्बेन में होने वाले पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह विक्टोरिया के बल्लेबाज रॉब क्वीनी को मौका दिया गया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच मिकी आर्थर ने बताया कि वाटसन पहले टेस्ट में नहीं खेलेंगे।
कोच ने कहा, 'फिटनेस टेस्ट लेने के बाद उन्हें ब्रिस्बेन टेस्ट से बाहर रखने का फैसला किया गया है। हमें उम्मीद है कि वह एडिलेड ओवल में होने वाले दूसरे टेस्ट में खेलेंगे। वाटसन की जगह टीम में शामिल किए गए क्वीनी को अगर अंतिम ग्यारह में जगह मिलती है तो यह उनका पदार्पण मैच होगा।
कोच ने कहा हमें नहीं लगता है कि वाटसन को शुक्रवार से होने वाले टेस्ट तक फिट होने के लिए पर्याप्त समय मिल पाएगा। इसलिए उन्हें पहले टेस्ट से बाहर रखा गया है। हमें फैसला लेना था। हम पूरे हफ्ते असमंजस नहीं बनाए रखना चाहते थे।