ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत खराब रही और नौ के कुल स्कोर पर पहला विकेट गिरा। डेविड वॉर्नर पांच रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद उस्मान ख्वाजा ने लाबुशेन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी निभाई।
उस्मान ने टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक लगाया। वह 149 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद लाबुशेन ने स्मिथ के साथ अब तक तीसरे विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी कर ली है। लाबुशेन ने टेस्ट करियर का आठवां शतक लगाया। वहीं, स्मिथ ने 37वां अर्धशतक पूरा किया।
वेस्टइंडीज के गेंदबाज पूरे दिन विकेट लेने के लिए जूझते दिखे। जेडन सील्स और काइल मेयर्स को एक-एक विकेट मिला। इसके अलावा केमार रोच, अल्जारी जोसेफ, जेसन होल्डर, रोस्टन चेज कोई विकेट नहीं ले सके। इस मैच में वेस्टइंडीज के लिए पूर्व दिग्गज शिवनारायण चंद्रपॉल के बेटे तेजनारायण चंद्रपॉल अंतरराष्ट्रीय डेब्यू कर रहे हैं। तेजनारायण 26 साल के हैं।
दोनों टीमें
ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा, डेविड वॉर्नर, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, कैमरन ग्रीन, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड।
वेस्टइंडीज: क्रेग ब्रेथवेट (कप्तान), तेजनारायण चंद्रपॉल, एनक्रुमा बोनर, जर्मेन ब्लैकवुड, रोस्टन चेज, काइल मेयर्स, जेसन होल्डर, जोशुआ डा सिल्वा (विकेटकीपर), अल्जारी जोसेफ, केमार रोच, जेडन सील्स।