ट्रेविस हेड (114) के करियर के दूसरे शतक और कप्तान टिम पेन (79) के साथ छठे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी से ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में 467 बनाए। जवाब में खेल खत्म होने तक उसने 44 रन पर ही न्यूजीलैंड के दो विकेट झटकर उसपर दबाव बना दिया है।
टाम लॉथम 9* और रॉस टेलर 2* रन बनाकर क्रीज पर थे। वह अभी 423 रन पीछे है जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन (9) और टॉम ब्लंडेल (15) सस्ते में लौट गए। जेम्स पेटिंसन और पैट कमिंस ने एक-एक विकेट लिया। पर्थ में पहला मैच 296 रन से हारने वाले न्यूजीलैंड को सीरीज में बने रहने के लिए यह मैच जीतना जरूरी है।
ऑस्ट्रेलिया ने 33 रन पर गंवाए अंतिम चार विकेटः
ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 257 रन से पारी आगे बढ़ाई। उस समय स्टीव स्मिथ 77 और हेड 25 रन पर खेल रहे थे। हेड ने 222 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। स्मिथ (85) भी 27वें टेस्ट शतक की ओर बढ़ते दिख रहे थे लेकिन वेगनर ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। ऑस्ट्रेलिया ने अपने अंतिम चार विकेट 33 रन जोड़कर गंवा दिए। मिशेल स्टार्क (01), कमिंस (00) और नाथन लियोन (01) भी टिक नहीं सके। न्यूजीलैंड के लिए वेगनर ने चार और टिम साउदी ने तीन विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड टीम 1987 के बाद मेलबर्न में पहला बाक्सिंग डे टेस्ट खेल रही है।