ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट के नुकसान पर 248 रन बना लिए हैं। मार्नस लाबूछाने 110* और ट्राविस हेड 20* रन बनाकर खेल रहे हैं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शानदार शुरुआत की, मगर 40 रन के स्कोर पर जो बर्न्स के रूप में कंगारू टीम को पहला झटका लगा। वह केवल नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद डेविड वॉर्नर ने बल्लेबाजी करने आए मार्नस लाबूछाने के साथ पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि, कुछ ही देर बाद वॉर्नर भी 43 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे विकेट के लिए वॉर्नर और लाबूछाने के बीच 35 रन की साझेदारी हुई।
वॉर्नर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए स्टीव स्मिथ (43) ने लाबूछाने का साथ देकर ऑस्ट्रेलियाई पारी को 200 के पार पहुंचाया, लेकिन विकेट पर ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए। पारी के 74.3 ओवर में वागनर ने उन्हें साउथी के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। तीसरे विकेट के लिए स्मिथ और लाबूछाने के बीच 132 रन की शतकीय साझेदारी हुई। चौथा विकेट मैथ्यू वाडे (12) के रूप में गिरा।
वहीं, न्यूजीलैंड की तरफ से वागेनर ने दो, जबकि टिम साउथी और कॉलिन डि ग्रांडहोम ने एक-एक विकेट झटके।