रोहित बुधवार को मेलबर्न पहुंच गए। शुभमन गिल ने अपने पहले टेस्ट में प्रभावित किया लिहाजा रोहित की वापसी पर मयंक अग्रवाल या हनुमा विहारी में से एक को बाहर होना पड़ेगा। मयंक इस श्रृंखला में लगातार खराब फॉर्म में हैं और एक ही बार दोहरे अंक तक पहुंच सके हैं, वह उतने मजबूत बल्लेबाज नजर नहीं आए जैसे 2018 के दौरे पर थे। वैसे उन्हें बाहर करने का फैसला काफी कठिन होगा।
इस साल की शुरूआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट बतौर सलामी बल्लेबाज रोहित की असल परीक्षा होती, लेकिन वह चोटिल हो गए थे। वह इस बार भी चोट से उबरकर लौट रहे हैं और आखिरी मैच उन्होंने 10 नवंबर को आईपीएल फाइनल खेला था। ऑस्ट्रेलिया में बल्लेबाजी की चुनौती काफी कठिन होगी चूंकि वह पारी का आगाज करते हैं। चयन समिति के पूर्व प्रमुख एमएसके प्रसाद का मानना है कि रोहित की वापसी पर मयंक या विहारी को हटाना ही विकल्प होगा।
भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि विहारी और मयंक दोनों को बाहर करके रोहित और केएल राहुल को उतारा जा सकता है। उन्होंने कहा, 'शुभमन ने काफी प्रभावित किया है, उसके पास कौशल और स्थिरता दोनों है। मयंक की जगह मैं राहुल को और विहारी की जगह रोहित को लेना चाहूंगा।'