अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा
इससे पहले चेतेश्वर पुजारा (71) और अजिंक्य रहाणे (70) की दमदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 323 रन का लक्ष्य रखा। टीम इंडिया की दूसरी पारी 106.5 ओवर में 307 रन पर ऑलआउट हुई।
कंगारू टीम की तरफ से नाथन लियोन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 42 ओवर में 7 मेडन सहित 122 रन देकर 6 विकेट झटके। टीम इंडिया ने अपने आखिरी पांच विकेट 28 रन के अंतराल में गंवाए। यही नहीं, 4 रन के अंतर में भारत के चार बल्लेबाज पवेलियन लौटे।
टीम इंडिया ने चौथे दिन अपनी पारी 151/3 के स्कोर से आगे बढ़ाई। पुजारा और रहाणे ने कंगारू गेंदबाजों की जमकर खबर ली और टीम इंडिया की बढ़त 250 रन के करीब पहुंचाई। रहाणे-पुजारा ने चौथे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की। इस बीच पहली पारी के शतकवीर पुजारा ने एक बार फिर शानदार पारी खेली और अपने टेस्ट करियर की 20वीं फिफ्टी जमाई।
आखिरकार, ऑस्ट्रेलिया को दिन की पहली और बड़ी सफलता मिली। नाथन लियोन ने चेतेश्वर पुजारा को शॉर्ट लेग पर आरोन फिंच के हाथों कैच आउट कराया। पुजारा ने 204 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 71 रन बनाए। जल्द ही लियोन ने रोहित शर्मा को सिली प्वाइंट पर पीटर हैंड्सकोंब के हाथों कैच आउट कराया।
इस बीच अजिंक्य रहाणे ने जोश हेजलवुड द्वारा किए पारी के 91वें ओवर की तीसरी गेंद पर डीप मिडविकेट की दिशा में चौका जमाकर अपने टेस्ट करियर का 16वां अर्धशतक जमाया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रहाणे ने चौथा पचासा जमाया। ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने तीसरी टेस्ट फिफ्टी जमाई।
लंच के बाद ऋषभ पंत ने लियोन के एक ओवर में 18 रन बनाए। फिर ऑफ स्पिनर ने अपने अगले ओवर में पंत का शिकार किया और फिंच के हाथों कैच आउट कराकर टीम इंडिया को छठा झटका दिया।
इसके बाद तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने रविचंद्रन अश्विन (5) को हैरिस के हाथों कैच आउट कराया। अगले ही ओवर में लियोन ने लगातार दो गेंदों में दो विकेट लिए। उन्होंने सेट बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को स्टार्क के हाथों और अगली गेंद पर मोहम्मद शमी को डीप मिडविकेट पर हैरिस के हाथों कैच आउट कराया।
स्टार्क ने इशांत शर्मा को शॉर्ट लेग पर फिंच के हाथों कैच आउट कराकर भारतीय पारी का अंत किया। इशांत खाता नहीं खोल सके। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से लियोन के अलावा मिचेल स्टार्क ने तीन जबकि जोश हेजलवुड को एक विकेट मिला।
बता दें कि टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। विराट ब्रिगेड ने पहली पारी में 250 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 235 रन पर ऑलआउट हुई। इस तरह पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को 15 रन की बढ़त मिली।