ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 151 रन बना लिए हैं। इसी के साथ मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया पर 166 रन की बढ़त भी हासिल कर ली है। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद अजिंक्य रहाणे 1* और चेतेश्वर पुजारा 40* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लायन ने एक-एक विकेट चटकाया।
याद हो कि टीम इंडिया की पहली पारी 250 रन पर सिमटी थी, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 235 रन पर ऑलआउट हुई। पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को 15 रन की बढ़त मिली थी।
टीम इंडिया को दूसरी पारी में ओपनर्स मुरली विजय (18) और केएल राहुल ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने 63 रन की साझेदारी करके भारतीय बल्लेबाजों के लिए मजबूत मंच सजाकर रखा। मिचेल स्टार्क ने विजय को दूसरी स्लिप में हैंड्सकोंब के हाथों कैच आउट कराकर इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा। जल्द ही हेजलवुड ने केएल राहुल (44) को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराकर भारत को दूसरा झटका दिया।
इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान विराट कोहली (34) ने चेतेश्वर पुजारा के साथ मिलकर स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया और 71 रन की साझेदारी की। अपनी पारी में तीन चौके जड़ने वाले कोहली को ऑस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाज नाथन लायन ने शॉर्ट लेग पर खड़े आरोन फिंच के हाथों कैच आउट करवाया।
इससे पहले टीम इंडिया के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 235 रन पर समेटी। ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को अपनी पारी 7 विकेट पर 191 रन से आगे बढ़ाई। बारिश के कारण मैच में खलल जरूर पड़ा, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन जारी रखा। जसप्रीत बुमराह ने टीम इंडिया को दिन की पहली सफलता दिलाई। उन्होंने मिचेल स्टार्क को (15) विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों लपकवाया। इसके बाद बारिश के कारण कुछ देर मैच रूका रहा।
फिर ऑस्ट्रेलिया के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर ट्रेविस हेड ने नाथन लियोन के साथ 9वें विकेट के लिए 31 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और बढ़त के अंतर को कम किया। मोहम्मद शमी ने फिर हेड को पंत के हाथों कैच आउट कराकर मैच में अपनी पहली सफलता हासिल की। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 167 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 72 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली।
अगली ही गेंद पर शमी ने जोश हेजलवुड को पंत के हाथों कैच आउट कराकर कंगारू पारी ऑलआउट की। लियोन 28 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर नाबाद रहे। टीम इंडिया की तरफ से जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन ने तीन-तीन विकेट लिए। इशांत शर्मा और मोहम्मद शमी को दो-दो सफलताएं मिली।