भारतीय टीम पहली पारी में 250 रन पर ढेर हो गई। दूसरे दिन भारतीय टीम अपने पहले दिन के स्कोर में कोई रन नहीं जोड़ सकी। मोहम्मद शमी भारत की ओर से आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे। उन्हें जोश हेजलवुड ने दिन का खेल शुरू होने के बाद पहली गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई।
ऑस्ट्रेलिया के लिए हेजलवुड ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए। वहीं, मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस, और नाथन लियोन ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। वहीं दिन का पहला दिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के नाम रहा और स्टंप्स तक भारत ने पहली पारी में 9 विकेट गंवाकर 250 रन बनाए थे।
पहले दिन टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। लोकेश राहुल (2), मुरली विजय (11) और विराट कोहली (3) और अजिंक्य रहाणे (13) जल्द पवेलियन लौट गए। एक समय भारत का स्कोर 4 विकेट पर 41 रन था।
भारतीय टीम चेतेश्वर पुजारा (123) के शानदार शतक की बदौलत इस सम्माजनक तक पहुंचने में कामयाब हो पाई। भारत ने एक समय 41 रनों पर ही अपने चार शुरुआती बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे लेकिन पुजारा ने भारतीय पारी को मुश्किल से निकाला।
153 गेंदों पर चार चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा करने वाला पुजारा ने 231 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से शतक पूरा किया। पुजारा 88वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रन आउट हुए। इसी के साथ पहले दिन का खेल समाप्त हो गया।
शमी 9 गेंदों में 6 रन बनाकर नाबाद लौटे। लंच ब्रेक तक भारत का स्कोर 4 विकेट पर 56 रन बनाए थे जबकि टी ब्रेक तक उसका स्कोर 6 विकेट पर 146 रन था। तीसरा सत्र भारत के लिहाज से काफी अच्छा रहा और टीम ने 104 रन जोड़े।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), लोकेश राहुल, मुरली विजय, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, आर अश्विन, इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी।
ऑस्ट्रेलिया: टीम पेन (कप्तान), मार्कस हैरिस, आरोन फिंच, उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, शॉन मार्श, पीटर हैंड्सकॉम्ब, नाथन लियोन, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड।