भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में खेला जा रहा चौथा टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में नौ विकेट पर 228 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 333 रनों की हो गई है। मैच के पांचवें दिन भारत लक्ष्य का पीछा करने उतरेगा और उसकी कोशिश नतीजा प्राप्त करने पर टिकी होगी। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन का कहना है कि भारतीय टीम के लिए दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना आसान नहीं होगा।
लियोन-बोलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को संभाला
भारत ने दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के नौ विकेट 173 रन पर गिरा दिए थे, उस वक्त ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 278 रनों की थी और लग रहा था कि भारत को आज ही दूसरी पारी शुरू करने का मौका मिल जाएगा। हालांकि, लियोन और स्कॉट बोलैंड की जोड़ी ने 10वें विकेट के लिए शानदार साझेदारी कर डाली। यह दोनों बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक गए और मेहमान टीम को विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों ने 10वें विकेट के लिए अब तक 110 गेंद में 55 रन की साझेदारी कर ली है। लियोन 41 रन और बोलैंड 10 रन बनाकर नाबाद हैं।
लाबुशेन ने पिच को लेकर कहा, मेरा मानना है की पहली पारी में पिच से कुछ मूवमेंट मिल रहा था। निश्चित रूप से पहले 40 से 50 ओवर तक रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा लेकिन खेल आगे बढ़ने के साथ उछाल कम और असमान हो गई। इसलिए हमने देखा कि अधिकतर गेंद विकेट को निशाना बनाकर की गई। सीम मूवमेंट शायद पहले जैसा ही है लेकिन अब कम गेंद उछाल ले रही है और ऐसे में बल्लेबाजी करना मुश्किल हो जाता है।
'टीम ने रणनीति पर अमल किया'
लाबुशेन ने यह नहीं बताया कि उनकी टीम कल सुबह मौजूदा स्कोर पर ही पारी समाप्त की घोषणा करेगी या नहीं, लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि चौथे दिन उनकी टीम ने रणनीति पर अमल किया। उन्होंने कहा, मुझे बहुत खुशी हुई कि आप सोचते हैं कि मुझे यह पता है कि हमारी टीम पारी समाप्ति की घोषणा करेगी या नहीं। जाहिर तौर पर हमारे लिए एकदम सही परिणाम था। हमें लग रहा था कि हम गेंदबाजी करके उन पर दबाव बनाएंगे लेकिन जिस तरह से उन्होंने गेंदबाजी की और हमें 40–50 ओवर तक दबाव में रखा उसे देखते हुए पारी समाप्ति की घोषणा करने का हमारे पास विकल्प नहीं था। हम अभी जिस स्थिति में है उसके लिए निचले क्रम को बहुत अधिक श्रेय दिया जाना चाहिए।