आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के दौरे से पहले बांग्लादेश की टीम स्टुअर्ट मैकगिल को स्पिन कोच के रूप में अपनी टीम के साथ जोड़ना चाहती थी लेकिन इस लेग स्पिनर ने उसकी यह पेशकश ठुकरा दी है।बांग्लादेश चाहता था कि आस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की महत्वपूर्ण श्रृंखला के लिये मैकगिल उनकी टीम की मदद करें। मैकगिल ने आस्ट्रेलिया की तरफ से 44 टेस्ट मैचों में 208 विकेट लिये हैं।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निजामुद्दीन चौधरी ने आज यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे अध्यक्ष (नजमुल हसन) ने स्पिन गेंदबाजी कोच के लिये स्टुअर्ट मैकगिल के नाम को हरी झंडी दे दी थी। लेकिन किन्हीं निजी कारणों से वह अभी टीम से नहीं जुड़ सकते हैं। अब हम अपने दूसरे और तीसरे विकल्प पर गौर कर सकते हैं।’’