फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AUS vs BAN: सिर्फ 2 दिन में खत्म हुआ मकाय टेस्ट! 750 गेंदों में ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत, स्टार्क ने बरपाया कहर

Sun, 23 Aug 2026 05:29 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मकाय

सार

ऑस्ट्रेलिया ने मैके टेस्ट में बांग्लादेश को पारी और 51 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। सिर्फ दो दिन में खत्म हुए इस टेस्ट में मिचेल स्टार्क ने 10 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को हराया - फोटो : cricket.com.au
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑस्ट्रेलिया ने मकाय के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले गए दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश को पारी और 51 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। मुकाबला सिर्फ दो दिन में खत्म हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 210 रन बनाए, जबकि बांग्लादेश की दोनों पारियां क्रमश: 64 और 95 रन पर सिमट गईं। इस मुकाबले में तेज गेंदबाजों का पूरी तरह दबदबा रहा। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने मैच में 10 विकेट लिए, जबकि बांग्लादेश के शोरिफुल इस्लाम ने 7/48 का शानदार प्रदर्शन किया। इसी के साथ मकाय टेस्ट में कई बड़े रिकॉर्ड भी बने।
विज्ञापन

सिर्फ 750 गेंदों में खत्म हुआ टेस्ट
मकाय टेस्ट में कुल 750 गेंदें फेंकी गईं। यह ऑस्ट्रेलिया में गेंदों के लिहाज से दूसरा सबसे छोटा पूरा हुआ टेस्ट मैच है। इससे पहले 1931-32 में मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सिर्फ 656 गेंदों में खत्म हुआ था। दुनिया में 750 गेंदों का यह मुकाबला सबसे कम गेंदों में पूरे हुए टेस्ट मैचों की सूची में चौथे स्थान पर है। सबसे छोटा टेस्ट 2023-24 में केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच खेला गया था, जो सिर्फ 642 गेंदों में समाप्त हुआ था।

सबसे कम गेंदों में पूरे हुए टेस्ट

गेंद मुकाबला स्थान विजेता
642 दक्षिण अफ्रीका vs भारत केपटाउन, 2023-24 भारत
656 ऑस्ट्रेलिया vs दक्षिण अफ्रीका मेलबर्न, 1931-32 ऑस्ट्रेलिया
672 वेस्टइंडीज vs इंग्लैंड ब्रिजटाउन, 1934-35 इंग्लैंड
750 ऑस्ट्रेलिया vs बांग्लादेश मकाय, 2026 ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया ने 210 रन बनाकर दर्ज की पारी से जीत
टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। बांग्लादेश की पहली पारी महज 64 रन पर समाप्त हो गई। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया भी 210 रन पर ऑलआउट हो गया, लेकिन उसे पहली पारी में 146 रन की बढ़त मिल गई।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से कैमरन ग्रीन ने 67 रन, स्टीव स्मिथ ने 42 रन और नाथन लियोन ने 32 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए शोरिफुल इस्लाम ने सात विकेट झटके। 210 रन का ऑस्ट्रेलिया का पहली पारी का स्कोर भी रिकॉर्ड बुक में शामिल हो गया। यह 210 या उससे कम रन बनाकर पारी के अंतर से टेस्ट जीतने वाले सबसे कम स्कोरों में चौथे स्थान पर है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 1945-46 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 199/8 घोषित करके पारी और 103 रन से जीत दर्ज की थी।

ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को हराया - फोटो : IANS
बांग्लादेश की दोनों पारियां 100 के अंदर सिमटी
146 रन से पिछड़ने के बाद बांग्लादेश की दूसरी पारी भी ज्यादा देर नहीं चली। पूरी टीम 95 रन पर आउट हो गई। इस तरह बांग्लादेश ने दोनों पारियों में 100 रन का आंकड़ा पार नहीं किया। पहली पारी में 64 और दूसरी पारी में 95 रन के साथ बांग्लादेश का मैच एग्रीगेट सिर्फ 159 रन रहा। यह टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश का सबसे कम मैच एग्रीगेट है। इससे पहले उसका सबसे कम मैच एग्रीगेट 187 रन था, जो उसने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नॉर्थ साउंड में बनाया था।

1960 के बाद चौथी बार हुआ ऐसा
1960 के बाद यह सिर्फ चौथा मौका है जब किसी टीम को टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 100 से कम के स्कोर पर आउट किया गया। इससे पहले...
  • इंग्लैंड - 82 और 93 बनाम न्यूजीलैंड, क्राइस्टचर्च, 1984
  • पाकिस्तान - 59 और 53 बनाम ऑस्ट्रेलिया, शारजाह, 2002
  • जिम्बाब्वे - 59 और 99 बनाम न्यूजीलैंड, हरारे, 2005
  • बांग्लादेश - 64 और 95 बनाम ऑस्ट्रेलिया, मकाय, 2026

पहली गेंद पर विकेट लेने में स्टार्क सबसे आगे
मिचेल स्टार्क ने मैच की शुरुआत ही विकेट के साथ की। उन्होंने टेस्ट की पहली गेंद पर विकेट हासिल किया। यह स्टार्क का टेस्ट क्रिकेट में पहली गेंद पर विकेट लेने का चौथा मौका है। इस मामले में उन्होंने पीटर कॉलिन्स के तीन बार के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और सबसे ज्यादा बार यह कारनामा करने वाले गेंदबाज बन गए। स्टार्क ने अब तक टेस्ट की पहली पारी के पहले ओवर में कुल नौ विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने जेम्स एंडरसन को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 75 टेस्ट पारियों में पहले ओवर में आठ विकेट लिए थे। स्टार्क ने यह आंकड़ा 43 पारियों में हासिल किया है।

सिर्फ 22 गेंदों में पांच विकेट
स्टार्क की असली तबाही बांग्लादेश की पहली पारी में देखने को मिली। उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में पांच विकेट पूरे कर लिए। यह टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज पांच विकेट लेने के मामलों में छठा सबसे तेज प्रदर्शन है। स्टार्क के नाम इस मामले में सबसे तेज प्रदर्शन का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्सटन टेस्ट में सिर्फ 15 गेंदों में पांच विकेट लिए थे। ओवर के हिसाब से भी उनका प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। मैके में स्टार्क ने सिर्फ 6.4 ओवर में पांच विकेट पूरे किए, जो टेस्ट की एक पारी में सबसे जल्दी पांच विकेट लेने के मामलों में तीसरा सबसे तेज प्रदर्शन है।

मिचेल स्टार्क - फोटो : cricket.com.au
स्टार्क का चौथा 10 विकेट हॉल
मैच में स्टार्क ने कुल 10 विकेट हासिल किए। यह उनके टेस्ट करियर का चौथा 10 विकेट हॉल है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में उनसे ज्यादा 10 विकेट के मैच हॉल सिर्फ पाकिस्तान के महान गेंदबाज वसीम अकरम के नाम हैं। अकरम ने पांच बार एक टेस्ट में 10 विकेट लिए थे। स्टार्क ने मैके टेस्ट में अपने 10 विकेट सिर्फ 20 ओवर की गेंदबाजी में पूरे किए। उनका मैच स्ट्राइक रेट सिर्फ 12 गेंद प्रति विकेट रहा। 10 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में यह 1913 के बाद का सबसे बेहतरीन मैच स्ट्राइक रेट है।

शोरिफुल इस्लाम ने भी रचा इतिहास
बांग्लादेश की हार के बावजूद उसके तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम ने यादगार प्रदर्शन किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में सात विकेट लेकर 48 रन दिए। यह टेस्ट में किसी बांग्लादेशी गेंदबाज का तीसरा सर्वश्रेष्ठ पारी प्रदर्शन है और किसी बांग्लादेशी तेज गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने शाहदत हुसैन के 6/27 के प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया, जो 2008 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आया था।

बांग्लादेशी गेंदबाजों के सर्वश्रेष्ठ पारी आंकड़े

गेंदबाज आंकड़े विपक्षी टीम स्थान
तैजुल इस्लाम 8/39 जिम्बाब्वे मीरपुर
शाकिब अल हसन 7/36 न्यूजीलैंड चटगांव
शोरिफुल इस्लाम 7/48 ऑस्ट्रेलिया मकाय
मेहदी हसन मिराज 7/58 वेस्टइंडीज मीरपुर
इनामुल हक जूनियर 7/95 जिम्बाब्वे ढाका

ऑस्ट्रेलिया में विदेशी तेज गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
शोरिफुल का 7/48 ऑस्ट्रेलिया में किसी विदेशी तेज गेंदबाज के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शनों में शामिल है। यह 1992-93 के बाद ऑस्ट्रेलिया में किसी विदेशी तेज गेंदबाज का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है, जब वेस्टइंडीज के कर्टली एम्ब्रोस ने वाका में 7/25 लिया था।

पहले दिन स्टार्क और शोरिफुल ने किया कमाल
मैच के पहले दिन स्टार्क और शोरिफुल दोनों ने छह या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इससे पहले सिर्फ तीन मौकों पर एक ही दिन दोनों टीमों के गेंदबाजों ने छह-छह विकेट लिए थे।
  • सिड बार्न्स और मोंटी नोबल - मेलबर्न, 1902
  • ऑब्रे फॉकनर और कॉलिन ब्लाइथ - हेडिंग्ले, 1907
  • फ्रैंक वॉरेल और बिल जॉनस्टन - एडिलेड, 1951
  • मिचेल स्टार्क और शोरिफुल इस्लाम - मकाय, 2026

पिछले पांच सीजन में ऑस्ट्रेलिया में चार टेस्ट दो दिन में खत्म
मकाय टेस्ट एक और वजह से खास रहा। ऑस्ट्रेलिया में पिछले पांच सीजन में चार टेस्ट मैच दो दिन के भीतर पूरे हुए हैं। मकाय में भी दोनों टीमों के बल्लेबाज तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए और कुल 750 गेंदों में ही मैच की चारों पारियां समाप्त हो गईं।
विज्ञापन

स्टार्क बने प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज
मिचेल स्टार्क को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। पहले टेस्ट में उन्होंने दो विकेट लिए थे, जबकि दूसरे टेस्ट में 10 विकेट लेकर उन्होंने बांग्लादेश की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। पहला टेस्ट बांग्लादेश ने नौ विकेट से जीता था, लेकिन मैके में ऑस्ट्रेलिया ने पारी और 51 रन की बड़ी जीत दर्ज कर सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें