ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज से पहला बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोट के कारण पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। हेजलवुड शेफील्ड शील्ड में विक्टोरिया के खिलाफ होने वाले मैच के लिए न्यू साउथ वेल्स टीम से हट गए थे। स्कैन से पता चला है कि उन्हें हैमस्ट्रिंग चोट लगी है। ऑस्ट्रेलिया ने माइकल नेसर को टीम में शामिल किया है। नेसर हेजलवुड और सीन एबॉट के कवर के तौर पर टीम से जुड़ेंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक बयान में बताया, जोश हेजलवुड का दोबारा स्कैन हुआ, जिससे हैमस्ट्रिंग में खिंचाव की पुष्टि हुई है। बुधवार को हुए शुरुआती स्कैन में मांसपेशियों में खिंचाव नहीं पाया गया था, लेकिन अब स्कैन में चोट की पुष्टि हो गई है। नतीजतन हेजलवुड पर्थ नहीं जा पाएंगे और वह पहले एशेज टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। माइकल नेसर को पहले टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। नेसर हेजलवुड और सीन एबॉट की जगह लेंगे। नेसर ने दो टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से उन्होंने 2021 में एडिलेड ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ अपना डेब्यू किया था।