कोरोना के साये में खेले गए पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 71 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सिडनी में खाली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
मेजबान टीम ने इसके बाद अपने सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (67) और आरोन फिंच (60) की 124 रनों की शतकीय साझेदारी की बदौलत एक मजबूत शुरुआत की, हालांकि इसके बाद मार्नस लाबुशेन (56) की अर्धशतकीय पारी को छोड़कर कोई अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया और पूरी टीम 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 258 रन ही बना पाई।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने मैच में शानदार वापसी की और इश सोढी के तीन और फर्गुसन-सेंटनर के दो-दो विकेट की मदद से ऑस्ट्रेलिया को बड़ा स्कोर बनाने से रोकने में सफल रहे।
हालांकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम के बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के आगे पूरी तरह से घुटने टेक दिए। पूरी मेहमान टीम 41 ओवर में मात्र 187 रन ही बना पाई और ऑल आउट हो गई। न्यूजीलैंड की तरफ से मार्टिन गुप्टिल (40) और टॉम लाथम (38) ने सर्वाधिक रन बनाए, वहीं ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पैट कमिंस और एडम जम्पा ने सर्वाधिक तीन-तीन विकेट चटकाए।
बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से दोनों ही टीमों के बीच खेला गया मुकाबला दर्शकों की गैरमौजूदगी में हुआ। इस दौरान खिलाड़ियों ने भी सतर्कता बरतते हुए एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया।