ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पैन ने पर्थ टेस्ट को लेकर टीम इंडिया को चेतावनी दी है। कंगारू कप्तान ने टीम इंडिया को कहा, 'यहां की पिच काफी तेज रहने वाली है।' ऑस्ट्रेलिया के पास मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे विश्व स्तरीय तेज गेंदबाज हैं।
ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि वह टीम इंडिया को दूसरे टेस्ट में गति के दम पर मात देगा। हालांकि, पैन ने यह भी स्वीकार किया कि उनकी टीम कुछ क्षेत्रों में कमजोर है, जिस पर काम करके वह दूसरा टेस्ट जीतने के लिए पूरा जोर लगाएंगे।
बता दें कि टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 14 दिसंबर से शुरू होगा। पैन ने मैच के बाद कहा, 'हमें अपनी कुछ चीजों में सुधार करना है और हमें पता है कि वह कौनसे क्षेत्र हैं, जिसमें सुधार की जरूरत है।'
पैन ने अपने गेंदबाजी आक्रमण को पांच स्टार रेटिंग दी। उन्होंने कहा, 'हमारा पूरा गेंदबाजी आक्रमण ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना पसंद करता है। उनके हाथ में गेंद या बल्ला हो या फिर वह मैदान पर हो, आप उनकी प्रतिबद्धिता पर सवाल खड़े नहीं कर सकते। हमारी टीम में कई सीनियर खिलाड़ी हैं। वह अपना 100 प्रतिशत झोंकते हैं।'
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने फैंस से धैर्य रखते हुए साथ देने की अपील की है। उन्होंने कहा, आपने देखा कि हमारे पास ऐसे कई खिलाड़ी हैं, जिनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव कम हैं। हम सीख रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि जल्द ही हमारी टीम जीत की पटरी पर आएगी।