ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज सैम कोंस्टास भारत के खिलाफ गुरुवार से मेलबर्न में होने वाले चौथे टेस्ट मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के लिए तैयार हैं। इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने इस 19 वर्षीय बल्लेबाज को एक अहम सलाह दी है। कमिंस का कहना है कि कोंस्टास सिर्फ अपने खेल का पूरा आनंद लें। कोंस्टास ने ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के लिए भारत के खिलाफ अभ्यास मैच में शतक जड़ा था।
कोंस्टास को सलामी बल्लेबाज नाथन मैकस्वीनी की जगह ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया था। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 की बराबरी पर चल रही है।
कमिंस से पूछा गया कि जब उन्होंने18 साल की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था तो वह कैसा महसूस कर रहे थे तो उन्होंने कहा, मैंने कुछ समय तो यह सोचने में बिताया कि मैं यहां क्यों और कैसे हूं और यह सब कुछ इतनी जल्दी कैसे हो गया। मुझे याद है कि मैं वास्तव में काफी उत्साहित था और मुझे लगता है कि कोंस्टास के मामले में भी इस सप्ताह ऐसा होने वाला है। आप खेल में बने रहना चाहते हैं। आपको खेल पूरा आनंद लेना होता है और ज्यादा नहीं सोचना होता है। सैमी को भी मेरा यही संदेश है। मैं सच में 18 साल की उम्र में ऐसा ही महसूस कर रहा था। मैं वास्तव में तब काफी उत्साहित था।
'कोहली-पंत चुनौती पेश कर सकते हैं'
विराट कोहली और ऋषभ पंत अभी तक भले ही अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया की टीम उनका पूरा सम्मान करती है और कमिंस का मानना है कि बाकी बचे दो टेस्ट मैच में ये खिलाड़ी उनके सामने चुनौती पेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा, वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और इसमें कोई संदेह नहीं कि वे किसी मुकाम पर हमारे लिए चुनौती पेश कर सकते हैं।
कमिंस से पूछा गया कि क्या भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की खराब फॉर्म का ऑस्ट्रेलिया को फायदा मिलेगा तो उन्होंने पिछली बार कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे के मेलबर्न लगाए गए शतक को याद किया। उन्होंने कहा, ‘ऐसा कहना बहुत मुश्किल है। मुझे याद है कि कुछ साल पहले रहाणे ने यहां शतक जमाया था। बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच हमेशा रोमांचक होता था। पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ भी मैच शानदार रहा था।