पैट कमिंस की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभालने वाले मिचेल मार्श भारत के खिलाफ खेलने के लिए उत्सुक हैं। मार्श का कहना है कि दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में भारत के खिलाफ खेलना उनकी टीम के लिए अच्छा अनुभव होगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगा जिसका पहला मुकाबला पर्थ में खेला जाएगा।
रोहित-कोहली करेंगे मैदान पर वापसी
यह सीरीज इसलिए भी अहम है क्योंकि इससे रोहित शर्मा और विराट कोहली की मैदान पर वापसी हो रही है। इन दोनों ने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला इस साल चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था। पिछले सात महीने में भारतीय क्रिकेट की तस्वीर ही बदल गई है। इस दौरान टी20 और टेस्ट प्रारूप में कोहली और रोहित के बिना भारतीय क्रिकेट आगे बढना सीख गया है। दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलिया का ध्यान अगले महीने से शुरू होने वाली एशेज सीरीज पर केंद्रित है, लेकिन इससे पहले उसे भारत के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलनी है।
मार्श ने रोहित और कोहली के खिलाफ खेलने के बारे में कहा, मुझे उनके खिलाफ काफी बार खेलने का सौभाग्य मिला। वे निश्चित रूप से खेल के दिग्गज हैं। विराट का इस प्रारूप में लक्ष्य का पीछा करने के मामले में कोई सानी नहीं है। मुझे लगता है कि आप टिकटों की बिक्री से देख सकते हैं कि बहुत से लोग आकर उन्हें देखना चाहते हैं। भारत के खिलाफ स्टेडियम को खचाखच भरा देखना हमारी टीम के लिए शानदार अनुभव होगा।
मार्श बोले- सीरीज में देखने मिलेंगे बड़े स्कोर
मार्श ने कहा कि भारत के खिलाफ सीरीज बड़े स्कोर वाली होगी। उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि इस सीरीज में बड़े स्कोर बनेंगे, लेकिन दोनों टीमों के लिए पहले 10 ओवर काफी महत्वपूर्ण होंगे। मेरा मानना है कि यह 10 ओवर मैच का परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।