जिम्बाब्वे में खेली जा रही ट्राई सीरीज के छठे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हरा दिया है। जिम्बाब्वे पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया को 152 रन की चुनौती दी थी, जिसे कंगारू टीम ने एक गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ग्लेन मैक्सवेल ने 38 गेंदों में 56 रन की अर्धशतकी पारी खेली। मैक्सवेल ने अपनी इस महत्वपूर्ण पारी में 1 चौका और 5 छक्के मारे। इसके अलावा ट्रैविस हेड ने 42 गेंद पर 48 रन की पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों ने ने चौथे विकेट के लिए 103 रन जोड़ते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इस दौरान मैक्सवेल ने अपना अर्धशतक कर लिया।
मैक्सेवेल के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया थोड़ी परेशानी में आ गई। निक मैडीसन केवल 2 रन बनाकार त्रिपानो का शिकार बन गए। इसके तुरंत बाद सेट बल्लेबाज ट्रेविस हेड भी अपना विकेट गंवा कर पवेलियन चल दिए। अब ऑस्ट्रेलिया को आखिरी ओवर में 7 रन की जरुरत थी और दो नए बल्लेबाज स्टोइनिस और एगर क्रीज पर मौजूद थे, लेकिन इन दोनों ने ठंडे दिमाग से बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को एक रोमांचक जीत दिला दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम की शुरुआत काफी खराब रही और मैच की पहली ही गेंद पर ओपनर जुवाओ बिली स्टैनलिक का शिकार बन गए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए कप्तान हैलमिन्टन मसाकादजा ने कुछ बड़े शॉट खेले लेकिन 21 रन पर वह भी पवेलियन लौट गए। पाकिस्तान के खिलाफ 94 न की तूफानी पारी खेलने वाले सोलोमन मूरे ने इस मैच में भी शानदार बल्लेबाजी की और अपना लगातार दूसरा अर्धशतक लगाते हुए अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।