ऑस्ट्रेलिया ने तूफानी खेल दिखाते हुए पहले तो 583 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया फिर पेस बैटरी के दम पर विपक्षी टीम को दो दिनों के अंदर ही दो बार समेटते हुए सिर्फ 3 दिनों में ही मैच जीत भी लिया।
होबार्ट में खेले गए मैच में मेजबान कंगारू ने शुरू से ही मैच में पकड़ बनाए रखा और वेस्टइंडीज को एक पारी और 212 रनों से हरा दिया। 2007-08 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब एक टीम ने 500 से ज्यादा का स्कोर किया और फिर मैच 3 दिन के अंदर ही खत्म हो गया। इससे पहले डरबन टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका ने इसी विंडीज टीम को 3 दिन में ही हरा दिया था।
दूसरे दिन विंडीज टीम पहली पारी में 6 विकेट पर 207 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी लेकिन तीसरे दिन उसकी पूरी टीम 223 रन पर सिमट गई जिसके बाद कंगारुओं ने फॉलोऑन को मजबूर किया। दूसरी पारी में विंडीज टीम की हालत और भी खराब रही और उसके 5 विकेट सिर्फ 30 रन पर गिर गए।
ओपनर क्रेग बर्थवेट (94) ने एक छोर संभालते हुए टीम को 100 से पहले आउट होने नहीं दिया लेकिन वह शतक से 6 रन से चूक गए। विंडीज की पूरी टीम दूसरी पारी में 37 ओवर के अंदर 148 रन पर आउट हो गई। जेम्स पैटिंसन ने दूसरी पारी में 27 रन पर 5 विकेट झटके।