गेंदबाजों के कमाल की गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी-20 मैच में दक्षिण अफ्रीका को 44 रनों से हराकर सीरीज में बराबरी कर ली है।
मेलबर्न में तीन मैचों की टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन बल्लेबाज 20 ओवर में 7 विकेट पर 101 रन ही बना सके। कप्तान जीन पॉल डुमिनी ने सर्वाधिक 49 रनों का योगदान दिया। जबकि अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से जेम्स फॉकनर ने 25 रन देकर 3 विकेट निकाले, उनके अलावा कैमरून बाएस ने 2 विकेट झटके। डग बोलिंगर और पैट कमिंस को 1-1 सफलता मिली।
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम ने बेहद आतिशी शुरुआत की और 5 ओवर के अंदर ही 43 रन बना लिए, लेकिन इसी ओवर में बेन डंक (23) कैच आउट हो गए। उसके बाद कप्तान ऐरोन फिंच (नाबाद 44) ने शेन वॉटसन (30) के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी कर टीम को जल्द ही लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया।
हालांकि वॉटसन 30 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल भी खाता खोले बगैर ही पवेलियन लौट गए। लेकिन फिंच ने कैमरून व्हाइट के साथ क्रीज पर रहते हुए टीम को और कोई झटका नहीं लगने दिया, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 12.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 102 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बाएस को मैन ऑफ द मैच चुना गया जिन्होंने 4 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट झटके।