भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में पारी की बेहतर शुरुआत करने को बेताब ऑस्ट्रेलियाई टीम तीसरे वनडे में अपने धुरंधर एरोन फिंच के फिट होने की प्रार्थना कर रही है। सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को अपनी संभावनाओं को कायम रखने के लिए जीत की दरकार है।
पिछले महीने काउंटी टीम सरे के लिए खेलते समय फिंच की पिंडली में चोट लग गई थी और उन्होंने भारत के खिलाफ पहले दोनों वनडे में हिस्सा नहीं लिया। उनकी अनुपस्थिति में 25 वर्षीय युवा ओपनर हिल्टन कार्टराइट बेहतर करने में असफल रहे। चेन्नई में जसप्रीत बुमराह ने उन्हें एक रन पर और कोलकाता में भुवनेश्वर ने इसी स्कोर पर आउट कर दिया था। दूसरे छोर पर डेविड वॉर्नर भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया अब तक सीरीज में आक्रामक शुरुआत नहीं कर पाई है। वॉर्नर पहले ही कह चुके हैं कि अगर उन्हें इस सीरीज में बेहतर करना है कि तो भारतीय स्पिनरों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना होगा। ऑस्ट्रेलिया के लिए राहत की बात यह है कि फिंच ने शनिवार को नेट पर अभ्यास भी किया है।