हाशिम अमला और जाक कालिस की शानदार शतकीय पारियों से दक्षिण अफ्रीका ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में 450 रन की विशाल स्कोर खड़ा किया।
जवाब में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक आस्ट्रेलिया ने 111 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे। स्टंप तक ओपनर ईडी कोवेन 49 और कप्तान माइकल क्लार्क 34 रन बनाकर विकेट पर टिके हुए थे। डेविड वार्नर चार और रॉब क्वेनी नौ रन बनाकर पेवेलियन लौट गए जबकि रिकी पोंटिंग खाता भी नहीं खोल सके।
मोर्ने मोर्कल ने दो जबकि डेल स्टेन ने एक विकेट चटकाया। सुबह दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी दो विकेट पर 255 रन से आगे शुरू की। हाशिम अमला ने 104 जबकि कालिस ने 147 रन की बेहतरीन पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 165 रन की साझेदारी निभाई।