बॉक्सिंग डे टेस्ट में ट्रेंट बोल्ट के चोटिल होने के बाद न्यूजीलैंड ने तीसरे टेस्ट के लिए स्पिन गेंदबाज सोमरविले को टीम में शामिल किया है। तेज गेंदबाज बोल्ट जो खिंचाव की वजह से पहले टेस्ट से बाहर थे, वे दूसरे टेस्ट में तीसरे दिन अपने दाहिने हाथ में फ्रैक्चर की वजह से पूरी श्रृंखला से बाहर हो गए।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब सिडनी में होने वाले तीसरे और आखिरी टेस्ट के लिए न्यूजीलैंड ने 35 वर्षीय खिलाड़ी विल सोमरविले को बुलाया है। सोमरविले ने न्यूजीलैंड की तरफ से अब तक सिर्फ तीन टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 14 विकेट चटकाए हैं और 32 की औसत से 65 रन भी बनाए हैं।
न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टेड ने कहा, "यह हर कोई जानता है कि सिडनी की पिच ऑस्ट्रेलिया में सबसे अधिक स्पिन वाली पिच है। ऐसे में विल की लम्बाई और स्पिन का फायदा हमें मिलेगा।' फिलहाल न्यूजीलैंड की टीम सीरीज के शुरुआती दोनों मैच हारकर सीरीज हार चुकी है और अब वो आखिरी मैच जीत के साथ खत्म करना चाहेगी।