तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क और पैट कमिंस ने शुक्रवार को पर्थ में तीन-तीन विकेट लेकर वेस्टइंडीज को पहली पारी में 283 रन पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई। इन दोनों की गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी चार विकेट पर 598 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी।
ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को फॉलोआन नहीं दिया और तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट पर 29 रन बनाए। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त 344 रन हो गई है। स्टंप उखड़ने के समय डेविड वॉर्नर 17 और मार्नस लाबुशाने तीन रन पर खेल रहे थे।
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में उस्मान ख्वाजा का विकेट गंवाया जिन्होंने छह रन बनाए। वेस्टइंडीज का स्कोर चाय के विश्राम के बाद एक समय चार विकेट पर 245 रन था लेकिन दूसरी नई गेंद लिए जाने के बाद उसने 48 रन के अंदर छह विकेट गंवा दिए। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 315 रन की विशाल बढ़त हासिल की।