ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच मेलबर्न में खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट में कीवी गेंदबाज नील वैगनर ने खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। शनिवार को मैच के तीसरे दिन वैगनर ने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव स्मिथ को टिम साउथी के हाथों कैच करवाकर टेस्ट क्रिकेट में अपने 200 विकेट पूरे किए।
33 वर्षीय वैगनर ने यह कारनामा अपने 46वें मैच में पूरा किया और इसी के साथ वे न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे तेज 200 टेस्ट विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए। उन्होंने इस दौरान ट्रेंट बोल्ट को भी पीछे छोड़ दिया। हालांकि वे दिग्गज रिचर्ड हेडली के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए। हेडली ने यह उपलब्धि 44वें टेस्ट मैच में हासिल की थी।
इस लिस्ट में सबसे तेज 200 टेस्ट विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड फिलहाल पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज यासिर शाह के नाम दर्ज है जिन्होंने 33वें मैच में ही यह कीर्तिमान बनाया था।
वहीं रविचंद्रन अश्विन ने 37वें मैच में यह उपलब्धि हासिल की थी और वे लिस्ट में तीसरे और भारत के पहले खिलाड़ी हैं। हालांकि बाएं हाथ के गेंदबाज में रविन्द्र जडेजा सबसे आगे हैं, उन्होंने 44वें मैच में यह कीर्तिमान बनाया था।