ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांट टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज का दूसरा मुकाबला एडिलेड में खेला जा रहा है। कंगारू टीम ने इस मुकाबले में पहली पारी नौ विकेट पर 473 रन बनाकर घोषित की। वहीं, इंग्लैंड की टीम एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ संघर्ष करते दिखी। इंग्लिश टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 236 रन बना पाई। आज मैच का चौथा दिन है और कुल मिलाकर एडिलेड डे/नाइट टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की पकड़ मजूबत है। वहीं, इस मुकाबले में कप्तानी कर रहे स्टीव स्मिथ का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह अपने होटल के कमरे में रात एक बजे बैटिंग प्रैक्टिस करते दिख रहे हैं।
पत्नी ने शेयर किया वीडियो
स्टीव स्मिथ के इस वीडियो को उनकी पत्नी डेनिस विलिस ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। स्मिथ टीम होटल में जब रात एक बजे बैटिंग प्रैक्टिस कर रहे थे तो उनकी पत्नी रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद उन्होंने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया। पत्नी ने कैप्शन में लिखा, स्टीव अपने बैट को चेक करते हुए। वीडियो में स्मिथ शेडो बैटिंग करते नजर आ रहे हैं।
93 रनों पर आउट हुए थे स्मिथ
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एडिलेड टेस्ट में स्टीव स्मिथ शतक से चूक गए और नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए। उन्होंने पहली पारी में 93 रन बनाए। इस दौरान स्मिथ ने 201 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके और 1 छक्का भी लगाया। हालांकि दूसरी पारी में वह ज्यादा सफल नहीं हुए और महज छह रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट ओली रॉबिनसन ने लिया।
मजबूत स्थिति में ऑस्ट्रेलिया
वहीं, अगर एडिलेड टेस्ट मैच की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। यहां से इंग्लैंड के लिए मैच जीतना नामुमकिन है। खबर लिखे जाने तक कंगारू टीम ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 134 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 371 रनों की हो गई है। मानर्स लाबुशेन 31 और ट्रेविस हेड 45 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।