फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AUS vs ENG: ब्रिसबेन टेस्ट में चमके मिचेल स्टार्क, शानदार गेंदबाजी कर बनाया बड़ा रिकॉर्ड; अकरम को पीछे छोड़ा

Thu, 04 Dec 2025 02:06 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ब्रिसबेन

सार

Mitchell Starc Test Wickets: ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने एशेज सीरीज के पहले मैच में दमदार प्रदर्शन किया था और अब दूसरे टेस्ट में भी स्टार्क ने इंग्लैंड को शुरुआती झटके दिए। इसके साथ ही वह टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बन गए हैं। 
विज्ञापन
मिचेल स्टार्क - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने इंग्लैंड के खिलाफ एशेज टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच के दौरान बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिसबेन के गाबा में पांच मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। यह दिन-रात्रि टेस्ट है। इस मैच में स्टार्क ने एक बार फिर अपना जलवा बिखेरा और वह ऑस्ट्रेलिया को सफलता दिलाने में सफल रहे हैं। 
विज्ञापन
Trending Videos

इंग्लैंड ने जीता टॉस
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे एशेज टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। स्टोक्स ने टॉस के दौरान बताया कि यहां की परिस्थितियां अलग है इसलिए वह पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम में नाथन लियोन की जगह माइकल नेसर और उस्मान ख्वाजा की जगह जोश इंग्लिस को प्लेइंग-11 में जगह दी गई है।

स्टार्क ने दिए शुरुआती झटके
ऑस्ट्रेलिया को एक बार फिर तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने शानदार शुरुआत दिलाई। स्टार्क ने इंग्लैंड को शुरुआती झटके दिए। इंग्लैंड की ओर से जैक क्रावले और बेन डकेट पारी की शुरुआत करने उतरे, लेकिन स्टार्क ने पहले ही ओवर में टीम को सफलता दिलाई। स्टार्क ने डकेट को लाबुशेन के हाथों कैच कराया। डकेट खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद नए बल्लेबाज के रूप में उतरे ओली पोप भी तीन गेंद खेलकर खाता खोले बिना आउट हो गए। उन्हें स्टार्क ने बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। जैक क्रावले और जो रूट ने शुरुआती झटकों के बाद इंग्लैंड की पारी को संभाला। दूसरे सत्र में माइकल नेसर ने क्रावले और रूट के बीच साझेदारी को तोड़ दिया। मिचेल स्टार्क ने ब्रूक को अपना शिकार बनाया।

ब्रूक का विकेट लेते ही शीर्ष पर पहुंचे स्टार्क
ब्रूक का विकेट लेते ही स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान के दिग्गज गेंदबाज वसीम अकरम को पीछे छोड़ दिया। अकरम ने टेस्ट क्रिकेट में 414 विकेट लिए हैं और अब तक उनके नाम टेस्ट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज का रिकॉर्ड था। लेकिन ब्रूक स्टार्क का 415वां शिकार बने और इस तरह यह ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज अकरम से आगे निकल गया। 

टेस्ट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज
गेंदबाज देश विकेट
मिचेल स्टार्क ऑस्ट्रेलिया 415*
वसीम अकरम पाकिस्तान 414
चामिंडा वास श्रीलंका 355
ट्रेंट बोल्ट न्यूजीलैंड 317
जहीर खान भारत 311
विज्ञापन

मैच का हाल
मैच की बात करें तो शुरुआती झटके के बाद रूट और क्रावले ने इंग्लैंड की पारी को संभाला। क्रावले और रूट ने तीसरे विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी की। क्रावले 93 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए जिससे इस साझेदारी का अंत हुआ। वहीं, रूट ने भी अर्धशतक लगाया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें