ENG vs AUS Ashes Test 2025 Day 1 Highlights: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज के पहले टेस्ट की शुरुआत हो चुकी है। पहला मुकाबला पर्थ में खेला जा रहा है। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। इंग्लैंड की पहली पारी 172 रन पर समाप्त हुई।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज के पहले टेस्ट की शुरुआत हो चुकी है। पहला मुकाबला पर्थ में जारी है। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया।ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग-11 में नाथन लियोन के रूप में एक स्पिनर रखा है। वहीं, इंग्लैंड ने कोई स्पिनर नहीं रखा है और टीम चार तेज गेंदबाज के साथ उतरी है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी की और पूरी टीम 33 ओवर के अंदर 172 रन पर सिमट गई। मिचेल स्टार्क ने कहर बरपाते हुए सात विकेट झटके, जबकि डेब्यूटेंट डॉगेट को दो विकेट मिले।
विज्ञापन
जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में नौ विकेट पर 123 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल इंग्लैंड से 49 रन पीछे है। फिलहाल नाथन लियोन और ब्रैंडन डॉगेट क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी खराब रही। ऑस्ट्रेलिया ने वेदराल्ड के साथ ओपनिंग के लिए उस्मान ख्वाजा की जगह मार्नस लाबुशेन को भेजा था। डेब्यू कर रहे वेदराल्ड खाता खोले बिना आउट हुए। उन्हें जोफ्रा आर्चर ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया।
इसके बाद आर्चर ने मार्नस लाबुशेन को बोल्ड किया। गेंद लाबुशेन के हाथ पर लगकर विकेट पर जा लगी। वह नौ रन बना सके। इसके बाद ब्राइडन कार्स ने स्टीव स्मिथ और उस्मान ख्वाजा को आउट किया। स्मिथ 17 रन और ख्वाजा दो रन बना सके। इसके बाद कप्तान बेन स्टोक्स ने ट्रेविस हेड को ब्राइडन कार्स के हाथों कैच कराया। हेड 21 रन बना सके। इसके बाद स्टोक्स ने कैमरून ग्रीन को विकेटकीपर जेमी के हाथों कैच कराया। वह 24 रन बना सके। मिचेल स्टार्क भी 12 रन बनाकर स्टोक्स का शिकार बने। स्टोक्स को चौथी सफलता एलेक्स कैरी के रूप में मिली। कैरी 26 रन बनाकर आउट हुए। स्टोक्स ने पांचवीं सफलता स्कॉट बोलैंड के रूप में हासिल की।
विज्ञापन
Trending Videos
इंग्लैंड की पहली पारी
रूट खाता भी नहीं खोल सके
इंग्लैंड का पहले बल्लेबाजी करने का फैसला हालांकि, गलत साबित हुआ है और टीम ने 40 रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए हैं। इंग्लैंड को पहले ही ओवर में झटका लगा जब स्टार्क ने पहले ही ओवर में जैक क्राउली को आउट किया। क्राउली खाता नहीं खोल सके। इसके बाद स्टार्क ने बेन डकेट और जो रूट को भी पवेलियन भेजा। डकेट 20 गेंद में 21 रन बनाकर एल्बीडब्ल्यू आउट हुए। वहीं, जो रूट खाता खोले बिना स्टार्क की गेंद पर स्लिप में लाबुशेन को कैच थमा बैठे।
ब्रूक का अर्धशतक, पोप अर्धशतक से चूके
इसके बाद ब्रूक ने ओली पोप के साथ चौथे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को कैमरून ग्रीन ने तोड़ा। उन्होंने पोप को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। पोप अर्धशतक से चूक गए और 46 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान बेन स्टोक्स को भी स्टार्क ने पवेलियन भेजा। स्टार्क ने स्टोक्स को क्लीन बोल्ड किया। वह छह रन बना सके। इसके बाद डेब्यूटेंट डॉगेट ने हैरी ब्रूक को विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया। ब्रूक 52 रन बना सके। इसके तुरंत बाद ने स्टार्क ने गस एटकिंसन को आउट किया। वह एक रन बना सके। स्टार्क की यह इस पारी में पांचवीं सफलता रही।
डॉगेट ने फिर ब्राइडन कार्स को लाबुशेन के हाथों कैच कराया। वह छह रन बना सके। इसके बाद आखिरी के दो बल्लेबाजों को स्टार्क ने चलता किया। जेमी स्मिथ 22 गेंद में 33 रन और मार्क वुड खाता खोले बिना आउट हुए। इस तरह स्टार्क की दमदार गेंदबाजी के आगे इंग्लैंड की टीम बेबस नजर आई। स्टार्क-डॉगेट के अलावा एक विकेट कैमरून ग्रीन को मिला। इंग्लैंड की टीम साढ़े चार घंटे भी बैटिंग नहीं कर सकी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए दो खिलाड़ियों का डेब्यू
ऑस्ट्रेलिया की टीम में दो खिलाड़ी डेब्यू कर रहे हैं। तेज गेंदबाज बेन डॉगेट और बल्लेबाज जेक वेदराल्ड को खेलने का मौका मिला है। पैट कमिंस और जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी में ये दोनों खेलने उतरे हैं। वेदराल्ड ख्वाजा के साथ ओपनिंग करेंगे और वह डेविड वॉर्नर के संन्यास के बाद ख्वाजा के छठे ओपनिंग साथी हैं।