ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन भले ही टेस्ट क्रिकेट में बल्ले से कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हों लेकिन विकेट के पीछे उन्होंने एक नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। मैच के दूसरे दिन भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का कैच पकड़ते ही उन्होंने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया।
पेन ने मेलबर्न में भारत के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में अपना 150वां शिकार किया। उन्होंने मात्र 33वें मैच में ही यह उपलब्धि अपने नाम की। इसके साथ ही वह सबसे कम मैचों में बतौर विकेटकीपर 150 शिकार करने वाले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर क्विंटन डीकॉक को पीछे छोड़ा। इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे कम मैच में 150 खिलाड़ियों का शिकार करने वाले खिलाड़ी भी बने। यहां उन्होंने दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट को पछाड़ा।
बात करें पेन की बल्लेबाजी की तो वह इस मामले में बाकी विकेटकीपरों के मुकाबले बेहद कमजोर हैं। वह 33 टेस्ट मैचों में आज तक एक भी शतक नहीं लगा पाए हैं। उन्होंने 33 की औसत से अब तक 1400 रन बनाए हैं।