भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज के दो मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीतकर सीरीज में बराबरी कर ली है। उधर तमाम अटकलों और आशंकाओं पर विराम लगाते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को तीसरे टेस्ट के लिए सिडनी क्रिकेट ग्राउंड के नाम की पुष्टि कर दी। ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड ने बताया कि परंपरा के अनुसार ही नए साल में सिडनी में मैच का आयोजन किया जाएगा। बता दें कि तय कार्यक्रम के अनुसार बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा मैच सात जनवरी से खेला जाएगा।
गौरतलब है कि क्रिसमस से पहले सिडनी के उत्तरी तटों पर कोविड-19 के मामलों में इजाफे के बाद मेलबर्न को तीसरे टेस्ट के स्थल के रूप में स्टैंडबाई पर रखा गया था।
सीए के अंतरिम सीईओ निक हॉकले के हवाले से ‘क्रिकेट.कॉम.एयू’ ने कहा, ‘कोविड-19 महामारी के बीच कई चुनौतियों के बावजूद मुझे यह बताते हुए खुशी है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पुरुष अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का आयोजन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराने की राह पर है।’
चौथा और अंतिम टेस्ट क्वीन्सलैंड के ब्रिसबेन में खेला जाना है जिसने सिडनी से आने वालों के लिए सीमा पर कड़ी पाबंदियां लागू की है। हॉकले ने कहा, ‘सिडनी में जन स्वास्थ्य की स्थिति के आकलन को लेकर पिछले हफ्ते हमने नियमित रूप से बैठकें की और देश भर में सीमा पर पाबंदियों को लेकर इसके असर पर चर्चा की।’
उन्होंने कहा, ‘अंत में, हमने फैसला किया है कि नए साल का टेस्ट सिडनी क्रिकेट मैदान पर ही होगा जिसका हाल में गुलाबी टेस्ट के आयोजन और खेल के तीसरे दिन जेन मैकग्रा दिवस मनाने का शानदार इतिहास रहा है।’
गाबा में ही होगा चौथा टेस्ट
इससे पहले महामारी के बढ़ते मामलों ने गाबा में चौथे टेस्ट के आयोजन को खटाई में डाल दिया था क्योंकि क्वीन्सलैंड ने ग्रेटर सिडनी क्षेत्र से आने वाले लोगों के लिए अपनी सीमा बंद कर दी है। हॉकले ने कहा, ‘हमें भरोसा है कि यह मैच और ब्रिसबेन में चौथा टेस्ट, दोनों सुरक्षित और सफल तरीके से खेले जाएंगे।’
गुलाबी टेस्ट की परंपरा
सिडनी क्रिकेट मैदान पर ‘गुलाबी टेस्ट’ परंपरा बन गई है और पिछले साल अपने 12वें साल में इसके जरिए मैकग्रा फाउंडेशन के लिए 12 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर जुटाए गए। गौरतलब है कि मैकग्रा फाउंडेशन एक चैरिटी संस्था है जिसकी स्थापना पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा ने स्तन कैंसर के मरीजों की सहायता के लिए की है।
मैकग्रा ने बयान में कहा, ‘‘हम रोमांचित हैं कि वोडाफोन गुलाबी टेस्ट का आयोजन एससीजी पर ही होगा। यह गुलाबी टेस्ट का घर है और पिछले 12 साल में एससीजी पर मौजूद दर्शकों के जज्बे और सहयोग ने गुलाबी टेस्ट में बड़ी भूमिका निभाई है।’ बता दें कि गुलाबी टेस्ट के दौरान सिडनी क्रिकेट मैदान गुलाबी रंग में रंग जाता है।