भारतीय अंडर-19 टीम ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे यूथ टेस्ट में सात विकेट से जीत दर्ज की। इसी के साथ भारत ने दो यूथ टेस्ट मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। मकाय में खेला गया यह मुकाबला अब तक का सबसे छोटा यूथ टेस्ट है, जो सिर्फ 886 गेंदों (147.4 ओवर) में खत्म हो गया। इससे पहले सबसे छोटे यूथ टेस्ट का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज अंडर-19 टीम के नाम दर्ज था, जिसने 1995 में फैसलाबाद में पाकिस्तान की अंडर-19 टीम को 992 गेंदों (165.2 ओवर) में पांच विकेट से हराया था। उस मैच में पाकिस्तान टीम की कप्तानी शाहिद अफरीदी ने की थी।
शुरुआती पारियों में दोनों टीमों की बल्लेबाजी फीकी रही
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन शुरुआती 10 ओवरों में ही आधी टीम पवेलियन लौट गई। विकेटकीपर एलेक्स ली यंग (66 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 43.3 ओवर में 135 रन पर ढेर हो गई। भारत की ओर से हेनिल और खिलन पटेल ने तीन-तीन विकेट लिए। भारत की पहली पारी में कप्तान आयुष म्हात्रे और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी बड़ी पारी नहीं खेल सके। कोई भी भारतीय बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका, लेकिन पांच बल्लेबाजों ने 20 से अधिक रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के केसी बार्टन (4/57) ने अच्छी गेंदबाजी की, मगर 23 एक्स्ट्रा रन के सहारे भारत ने 36 रन की बढ़त हासिल की।
भारत ने 12.2 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत और भी खराब रही। दो बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुए और स्कोर 29/5 तक पहुंच गया। यंग ने फिर संभालने की कोशिश की, लेकिन 38 रन ही बना सके। टीम 116 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से हेनिल ने फिर तीन विकेट लिए और नमन पुष्पक ने शानदार 3/19 झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी (0) पहली ही गेंद पर आउट हो गए, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे (13 रन) ने तीन चौके लगाए। इसके बाद विहान मल्होत्रा (21 रन, 21 गेंद), वेदांत त्रिवेदी (33 रन, 35 गेंद) और राहुल कुमार (13 रन, 14 गेंद) ने मिलकर लक्ष्य हासिल किया। भारत ने सिर्फ 12.2 ओवर में जीत दर्ज करते हुए सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।