पाकिस्तान की पूर्व कप्तान बिस्माह मारूफ अपनी बेटी फातिमा के लिए आगामी एशियाई खेलों से हटने का फैसला किया है। एशियाई खेल इस साल चीन के होंगझोउ में होने हैं और बच्चों के साथ यात्रा नहीं करने की एशियाई खेलों की नीति के कारण मारूफ को इन खेलों से हटना पड़ा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एशियाई खेलों के लिए टीम घोषित की। पाकिस्तान के लिए यह दूसरा झटका है जब इन खेलों से उसकी दो महत्वपूर्ण खिलाड़ी हट गई हैं। इससे पहले 18 साल की आयशा नसीम ने व्यक्तिगत कारणों के चलते संन्यास ले लिया था।
आयोजकों ने प्रतिभागी देशों के खिलाड़ियों को एशियाई खेलों में अपने बच्चों के साथ हिस्सा लेने की स्वीकृति देने से इन्कार कर दिया जिसके बाद पाकिस्तानी बल्लेबाज ने एशियाई खेलों के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल होने मना कर दिया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के महिला प्रकोष्ठ की प्रमुख तानिया मलिक ने कहा, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बिस्माह टीम के लिए नहीं खेल पाएंगी। इन नियमों के कारण ही बिस्माह खेल गांव में अपनी बेटी के साथ नहीं जा पाएंगी इसलिए वह टीम में शामिल नहीं हुईं।' इससे पहले कई क्रिकेट टूर्नामेंटों में बिस्माह अपनी बेटी के साथ खेलने गई थीं।
एशियाई खेलों में स्पर्धा टी-20 प्रारूप में होगी। एशियाई खेलों से पहले पाकिस्तान की महिला टीम कराची में एक से 14 सितंबर तक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय और इतने ही वनडे मैच खेलेगी। पाकिस्तान की नजरें एशियाई खेलों में क्रिकेट में स्वर्ण पदक की हैट्रिक लगाने पर है। पाकिस्तान ने 2010 में चीन के ग्वांगझू और 2014 में दक्षिण कोरिया के इंचियोन में पिछले दो एशियाई खेलों में महिला क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीते थे।
पाकिस्तान टीम : निदा दार (कप्तान), आलिया रियाज, अनूशा नासिर, डायना बेग, फातिमा सना, मुनीबा अली, नाजिहा अल्वी, नाशरा सुंधू, नतालिया परवेज, ओमाइमा सोहेल, सदफ शमास, शावाल जुल्फिकार, सिदरा अमीन, सैयदा अरूब शाह और उम्म-ए-हानी।