फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियन गेम्स से पहले खुली इंतजामों की पोल!: क्रिकेटरों को 20 किमी दूर क्यों ठहराया जा रहा? व्यवस्थाओं पर सवाल

Sat, 29 Aug 2026 03:42 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

एशियन गेम्स से पहले खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या के चलते आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्रिकेटरों को वेन्यू से करीब 20 किलोमीटर दूर ठहराया जाएगा, जबकि पिच, ड्रेसिंग रूम और कमरों की सुविधाओं को लेकर भी चिंता जताई गई है।
विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अगले महीने जापान में होने वाले नागोया-अइची एशियन गेम्स 2026 से पहले आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खिलाड़ियों और अधिकारियों की संख्या तय अनुमान से बढ़कर करीब 17 हजार पहुंच गई है, जिसके चलते आयोजकों के सामने ठहरने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। हालात यह हैं कि क्रिकेट खिलाड़ियों को आयोजन स्थल से करीब 20 किलोमीटर दूर ठहराने की तैयारी है।
विज्ञापन

19 सितंबर से होना है आयोजन
एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक होना है। शुरुआत में करीब 15 हजार खिलाड़ियों और अधिकारियों के शामिल होने का अनुमान था, लेकिन टेकबॉल और पैडल को खेल कार्यक्रम में शामिल किए जाने के बाद यह संख्या बढ़कर लगभग 17 हजार हो गई है। इनमें करीब 11 हजार खिलाड़ी और छह हजार अधिकारी शामिल हैं।

15 हजार की क्षमता के हिसाब से था इंतजाम
  • आयोजन समिति के अध्यक्ष हिदेकी ओमुरा ने कहा है कि मेजबानी समझौता 15 हजार लोगों की क्षमता के आधार पर किया गया था और इससे अधिक लोगों के लिए अतिरिक्त बजट की व्यवस्था नहीं की गई है।
  • उन्होंने साफ कहा कि अतिरिक्त प्रतिभागियों के लिए आयोजकों के पास पर्याप्त आवास उपलब्ध नहीं है और अगर वे एशियन गेम्स में हिस्सा लेना चाहते हैं, तो उन्हें अपने ठहरने की व्यवस्था खुद करनी होगी।
  • नागोया के मेयर इचिरो हिरोसावा ने भी माना है कि सीमित बजट में बढ़ी हुई संख्या के खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए आवास की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती है।

एथलीट्स विलेज भी नहीं होगा
ओलंपिक की तरह इस बार एशियन गेम्स में पारंपरिक एथलीट्स विलेज नहीं बनाया गया है। खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने के लिए आयोजक होटल, क्रूज शिप और अस्थायी कंटेनरनुमा आवास का इस्तेमाल कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 4000 से 5000 खिलाड़ी एक इतालवी क्रूज शिप में ठहर सकते हैं, जिसे आयोजन क्षेत्र में खड़ा किया गया है। वहीं, करीब 2000 खिलाड़ियों के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था की जा रही है। बाकी प्रतिभागियों को अलग-अलग होटलों में ठहराया जाएगा। कुछ प्रतियोगिताएं नागोया से बाहर भी होंगी। तैराकी, डाइविंग और घुड़सवारी जैसी कुछ स्पर्धाएं टोक्यो में आयोजित की जाएंगी।

आयोजकों से प्रतिभागियों की संख्या घटाने की अपील
आवास संकट के बीच इस सप्ताह ऐसी रिपोर्टें भी सामने आई हैं कि स्थानीय आयोजन समिति ने ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) से प्रतिभागियों की संख्या कम करने का अनुरोध किया है। हालांकि, आवास की समस्या अकेली चुनौती नहीं है। एशियन गेम्स में शामिल होने वाली क्रिकेट टीमों ने भी आयोजन स्थल और खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।

क्रिकेट वेन्यू को लेकर भी उठे सवाल
एशियन गेम्स में क्रिकेट मुकाबले कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे। यह मूल रूप से एक बेसबॉल मैदान है, जिसे क्रिकेट के लिए तैयार किया गया है। बताया जा रहा है कि मैदान पर अभी भी पिचर का माउंड मौजूद है। क्रिकेट पिच भी हाल ही में तैयार की गई है और इसका प्रतिस्पर्धी स्तर पर सीमित इस्तेमाल हुआ है। भारत और पाकिस्तान समेत कई एशियाई टीमें इसी मैदान पर मुकाबले खेलेंगी। क्रिकेट प्रतियोगिता 17 सितंबर से शुरू होने की उम्मीद है।

एसीसी की टीम करेगी मैदान का निरीक्षण
पिच की गुणवत्ता को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की एक टीम आयोजन से पहले वेन्यू का निरीक्षण कर सकती है। एनडीटीवी के अनुसार, एसीसी से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि पिच की गुणवत्ता अभी भी चिंता का विषय है। इसके अलावा आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए उचित ड्रेसिंग रूम की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई है। हालांकि, इसी मैदान पर मई में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालिफायर का आयोजन हो चुका है।

20 किलोमीटर दूर ठहरेंगे क्रिकेटर
  • क्रिकेट टीमों के सामने खिलाड़ियों के ठहरने को लेकर भी समस्या है।
  • रिपोर्ट के मुताबिक क्रिकेटरों को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क से करीब 20 किलोमीटर दूर ठहराने की व्यवस्था की जा रही है।
  • सबसे बड़ी चिंता कमरों के आकार को लेकर है। खिलाड़ियों को साझा कमरों में ठहराया जा सकता है, जिससे उनके सामान और क्रिकेट किट रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने की आशंका है।
  • बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र ने एनडीटीवी से कहा कि कमरे काफी छोटे हैं। एक खिलाड़ी अगर अपनी किटबैग खोलता है, तो कमरे में खड़े होने तक के लिए ज्यादा जगह नहीं बचेगी। टीम इस समस्या का समाधान निकालने की कोशिश कर रही है।
विज्ञापन

भारत-पाकिस्तान समेत कई टीमें होंगी शामिल
एशियन गेम्स क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत और पाकिस्तान समेत एशिया की प्रमुख क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं, बेहतर पिच और उचित ड्रेसिंग रूम जैसी व्यवस्थाएं महत्वपूर्ण होंगी। आयोजन से पहले अगर इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो खिलाड़ियों की सुविधा और प्रतियोगिता की गुणवत्ता को लेकर सवाल और बढ़ सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें