एशिया कप में भारत ने हॉन्गकॉन्ग को हराकर सुपर-4 में जगह बना ली है। बुधवार को खेले गए मैच में एक वक्त भारतीय टीम के बल्लेबाज रन बनाने में जूझ रहे थे। केएल राहुल 39 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव मैदान पर उतरे और उन्होंने असाधारण पारी खेल डाली। पहले ऐसा लग रहा था कि दुबई के मैदान पर शॉट लगाना काफी मुश्किल है, लेकिन जैसे ही सूर्या मैदान पर उतरे तो उन्होंने मैदान के चारों ओर लंबे-लंबे छक्के लगाए।
सूर्यकुमार ने 26 गेंदों में 68 रन की नाबाद पारी खेली। अपनी पारी में सूर्यकुमार ने छह चौके और छह छक्के लगाए। 20वें ओवर में तो सूर्यकुमार ने चार छक्के लगाए और भारत का स्कोर 190 के पार पहुंचाया। उन्हें इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड भी दिया गया। सूर्यकुमार ने अब तक 25 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और इसमें पांच प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते हैं। सूर्यकुमार के नाम टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक शतक भी है।
सूर्यकुमार यादव
- फोटो : सोशल मीडिया
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड विराट कोहली और अफगानिस्तान के कप्तान मोहम्मद नबी के नाम है। कोहली ने 12 साल के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 101 टी-20 मैचों में 13 बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते हैं। वहीं, नबी ने भी 13 बार यह अवॉर्ड जीता है। सूर्यकुमार ने इतने कम समय और कम मैचों में पांच बार यह अवॉर्ड जीत लिया है और आने वाले समय में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से वह कोहली और नबी का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
सूर्यकुमार अंतरराष्ट्रीय टी-20 रैंकिंग में भी दूसरे नंबर पर हैं। उनसे आगे सिर्फ पाकिस्तान के बाबर आजम हैं। इस टूर्नामेंट में सूर्यकुमार बाबर को भी पीछे छोड़ सकते हैं। सूर्यकुमार ने अब तक 25 टी20 kr 23 पारियों में 39.89 की औसत और 177.52 के शानदार स्ट्राइक रेट से 758 रन बनाए हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर 117 रन का रहा है, जो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में लगाया था। सूर्यकुमार के नाम छह अर्धशतक भी हैं।
सूर्यकुमार ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के दम पर ही नेशनल टीम में जगह बनाई है। आने वाले टी-20 विश्व कप में टीम को उनसे काफी उम्मीदें होंगी। एशिया कप की बात करें तो भारतीय टीम अपने ग्रुप यानी ग्रुप-ए में शीर्ष पर रही। वहीं, इसी ग्रुप की दूसरी टीमें, पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के बीच दो सितंबर को नॉकआउट मैच खेला जाएगा। दोनों के बीच जीतने वाली टीम सुपर-4 में जगह बनाएगी। सुपर-4 राउंड की शुरुआत तीन सितंबर से होगी।