एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। अब कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने इस मैच पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह मुकाबला खेलना पहलगाम हमले में मारे गए लोगों और सैनिकों का अपमान है और सरकार ने देशभक्ति पर मुनाफे को चुना। इतना ही नहीं, खड़गे ने टीम इंडिया पर भी निशाना साधा और भारतीय खिलाड़ियों को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को बीसीसीआई के ठेके वाले मजदूर तक कह दिया।
'देशभक्ति पर मुनाफे को चुना'
प्रियांक खड़गे ने कहा, 'मैं पहले से कह रहा था कि भारत-पाकिस्तान का यह मैच खेला ही नहीं जाना चाहिए था। यह बेहद शर्मनाक है कि बीसीसीआई ने इस मैच को कराने का फैसला लिया। यह पहलगाम में मारे गए लोगों का अपमान है और हमारे सैनिकों का अपमान है। सरकार ने साफ तौर पर देशभक्ति पर मुनाफे को चुना।'
'बीसीसीआई के ठेके वाले मजदूरों से ज्यादा कुछ नहीं'
प्रियांक खड़गे ने विवादित बयान देते हुए कहा, 'अभी खेलने की क्या जरूरत थी? यह हाथ न मिलाने का ड्रामा किसके लिए है? किसे बेवकूफ बनाने की कोशिश हो रही है? सारे राष्ट्रवादी कहां छिप गए हैं? अगर भारतीय टीम के कप्तान ने खेलने से इनकार कर दिया होता तो मैं उनकी सराहना करता... दुर्भाग्यवश, 'मेन इन ब्लू' (यानी भारतीय टीम) बीसीसीआई के ठेके वाले मजदूरों से ज्यादा कुछ नहीं हैं।'
मैदान पर पाकिस्तान की करारी शिकस्त
भारत ने एशिया कप 2025 के मुकाबले में पाकिस्तान को खेल के हर विभाग में पछाड़ा। पहले गेंदबाजों ने पाक को सिर्फ 127 रन पर रोका, फिर बल्लेबाजों ने 15.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर दिया। सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन बनाए और शिवम दुबे के साथ टीम को जीत दिलाई। अभिषेक शर्मा ने 13 गेंद में 31 रन की तूफानी पारी खेली। इसके अलावा कुलदीप यादव ने तीन विकेट झटके, जबकि बुमराह-अक्षर को दो-दो विकेट मिले।