मोहसिन खान ने पूर्व पत्नी रीना रॉय और बेटी के बारे में बात की है
- फोटो : Instagram
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहसिन खान के लिए भारत के खिलाफ मैच सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि यादगार लम्हों की खान थी। वह जब पीछे मुड़कर अपने करियर को देखते हैं तो उन्हें क्रिकेट के मैदान और मुंबई के फिल्म स्टूडियो की याद आती है। मोहसिन ने जहां क्रिकेट के मैदान में अपनी पीढ़ी के सबसे जबरदस्त तेज गेंदबाजों का सामना किया तो वहीं उन्होंने हिंदी सिनेमा के कुछ सबसे बड़े सितारों के साथ एक दर्जन फिल्मों में भी काम किया। वह अब भी मुंबई में रहने वाली पूर्व पत्नी रीना रॉय और बेटी को याद करते हैं और उनके बारे में बात कर उनका चेहरा खिल उठता है। इतना ही नहीं, उन्होंने नाना पाटेकर और अनुपम खेर के साथ काम करने को लेकर अपने अनुभव को भी साझा किया।
रीना रॉय और मोहसिन खान
- फोटो : Instagram
'पहले बदतमीजी नहीं होती थी'
मोहसिन बताते हैं, 'हमारे समय में जब भारत-पाकिस्तान का मैच होता था तो आक्रामकता थी, लेकिन बदतमीजी नहीं होती थी। वे मुस्कुराते हुए याद करते हैं कि 1979 के भारत दौरे ने न केवल क्रिकेट में उनके लिए नए दरवाजे खोले, बल्कि उन्हें मुंबई की फिल्मी दुनिया से भी जोड़ा। मोहसिन बताते हैं कि लोग कहते थे, 20 दिन रुक जाओ, तुम्हारे सीन पूरे कर लेंगे लेकिन उस समय उनका ध्यान पूरी तरह क्रिकेट पर था। अगर क्रिकेट मोहसिन का पहला प्यार था तो सिनेमा अप्रत्याशित रूप से उनका दूसरा प्यार बन गया। 1980 के दशक के मध्य तक वह कराची की तुलना में मुंबई में अधिक समय बिता रहे थे। उस समय उनकी शादी बेहद लोकप्रिय अभिनेत्री रीना रॉय से हुई थी।
रीना रॉय और मोहसिन खान
- फोटो : Instagram
'रीना के साथ मुंबई होते हुए लंदन जा रहा था'
यह मोड़ लगभग संयोग से आया। मोहसिन ने कहा, 'दरअसल जब मुझे बटवारा (फिल्म) का प्रस्ताव मिला तो मैं रीना के साथ मुंबई होते हुए लंदन जा रहा था।' उन्होंने बताया, 'धरम जी (धर्मेंद्र) बहुत प्यारे थे और विनोद (खन्ना) मेरे दोस्त थे।' एक दृश्य ऐसा था जिसमें गहरी भावनात्मक तीव्रता की आवश्यकता थी और (जेपी) दत्ता ने अपने क्रिकेटर-अभिनेता को इसे समझाने का एक दिलचस्प तरीका ढूंढ निकाला। मोहसिन ने कहा, 'उन्होंने मुझे कहा- मोहसिन, फर्ज करो तुमने सौ मारा, फिर भी पाकिस्तान भारत से हारा। कैसा महसूस होगा आपको? उन्होंने इसे इस तरह समझाया।'
नाना पाटेकर
- फोटो : इंस्टाग्राम
नाना पाटेकर और अनुपम खेर को लेकर कही यह बात
इस फिल्म के लिए मोहसिन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के लिए फिल्मफेयर नामांकन मिला जिसमें उनकी टक्कर नाना पाटेकर और अनुपम खेर जैसे दिग्गजों के साथ थी। मोहसिन गर्व के साथ बताते हैं, 'नाना और अनुपम जैसे दिग्गजों के साथ नामांकन मिलना, मेरे जैसे किसी के लिए जो अभिनय का प्रशिक्षित नहीं था, बहुत बड़ी उपलब्धि थी। हालांकि, उनका सबसे गहरा अनुभव महेश भट्ट के साथ 'साथी' फिल्म में आया, जिसे आज भी गीत 'जिंदगी की तलाश में हम, मौत के कितने पास आ गए' के लिए याद किया जाता है। मोहसिन ने कहा, 'भट्ट साहब एक बौद्धिक इंसान हैं। उनके साथ बैठो तो जिंदगी के दर्शन समझ में आने लगते हैं। वो गाना आज भी लोग सुनते हैं। कुमार सानू ने कमाल का गाया था।'
रीना रॉय और मोहसिन खान और साथ में बेटी
- फोटो : Instagram
'बेटी ने अपनी पढ़ाई पूरी कर ली है'
रीना रॉय के साथ अपनी पिछली शादी के बारे में बात करते समय मोहसिन जहां सावधानी बरतते हैं वहीं अपनी बेटी के बारे में बात करते समय वह खुलकर स्नेह दिखाते हैं। मोहसिन ने कहा, 'बेटी ने अपनी पढ़ाई पूरी कर ली है और मुंबई में अपनी मां के साथ रहती है। मैं उसके संपर्क में हूं। उसने अपनी स्कूली शिक्षा पाकिस्तान में और उच्च शिक्षा मुंबई में पूरी की।' बेटी के बारे में बोलते बोलते अचानक उनकी आंखें चमक उठीं।