फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK: 'पाकिस्तानी सेना प्रमुख-PCB अध्यक्ष करें ओपनिंग...', भारत से हार पर इमरान खान का मुनीर-नकवी पर तंज

Tue, 23 Sep 2025 09:29 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

सार

इमरान खान ने कहा कि अंपायर पूर्व मुख्य न्यायाधीश काजी फाएज ईसा और पाकिस्तान के मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा हों। एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को दो बार भारत से शिकस्त झेलनी पड़ी है।
विज्ञापन
नकवी, इमरान और मुनीर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दुबई में खेले जा रहे एशिया कप 2025 में भारत से लगातार दो मैच हारने के बाद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और वर्ल्ड कप विजेता कप्तान इमरान खान ने अपने देश के सेना प्रमुख पर तंज कसा है। जेल में बंद इमरान खान ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) चेयरमैन मोहसिन नकवी और पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर को निशाने पर लेते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान को भारत से जीतना है तो दोनों को ही ओपनिंग बल्लेबाजी करनी चाहिए।
विज्ञापन

इमरान का नकवी-मुनीर पर तंज
इमरान खान की बहन अलीमा खान ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'इमरान भाई ने कहा कि भारत से क्रिकेट मैच जीतने का सिर्फ एक तरीका है कि आर्मी चीफ जनरल मुनीर और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ओपनिंग करने उतरें। अंपायर पूर्व मुख्य न्यायाधीश काजी फाएज ईसा और पाकिस्तान के मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा हों, जबकि तीसरे अंपायर इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सरफराज डोगर हों।'

इमरान ने नकवी पर साधा निशाना
1992 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को उसकी पहली और एकमात्र विश्व कप जीत दिलाने वाले कप्तान इमरान खान ने पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी को पाकिस्तानी क्रिकेट को बर्बाद करने का जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने नकवी पर अयोग्यता और भाई-भतीजावाद का आरोप लगाया। अलीमा खान ने बताया कि उन्होंने अपने भाई को भारत के हाथों पाकिस्तान की लगातार हार की जानकारी दी, जिस पर इमरान खान ने यह तंज कसा।

मुनीर पर निशाना साधते रहे हैं इमरान
72 वर्षीय इमरान खान लंबे समय से सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर पर यह आरोप लगाते रहे हैं कि उन्होंने उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) का जनादेश चुरा लिया। उनका आरोप है कि यह काम तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश काजी फाएज ईसा और मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा की मदद से किया गया।
विज्ञापन

जेल में बंद हैं इमरान
पीटीआई पार्टी के संस्थापक इमरान खान अगस्त 2023 से कई मामलों में जेल में बंद हैं। जेल में रहते हुए भी वह पाकिस्तानी राजनीति और क्रिकेट पर बयान देते रहते हैं। भारत से लगातार हार के बाद पाकिस्तान में क्रिकेट और राजनीति दोनों में हलचल तेज हो गई है। इमरान का यह नया बयान पाकिस्तान में राजनीतिक और खेल जगत में चर्चा का विषय बन गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें