फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asia Cup: वायरल वीडियो पर गंभीर की सफाई, आपत्तिजनक इशारे पर कहा- पाकिस्तानी दर्शक भारत के खिलाफ बोल रहे थे...

Tue, 05 Sep 2023 02:07 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पल्लेकल

सार

वायरल वीडियो भारत बनाम पाकिस्तान मैच का बताया जा रहा है। गंभीर एशिया कप के लिए श्रीलंका गए हुए हैं और वह कमेंट्री पैनल का हिस्सा हैं। वीडियो में भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान बारिश के समय वह वापस पवेलियन लौटते दिखते हैं। इसी बीच दर्शकों की एक हरकत से वह भड़क जाते हैं।
विज्ञापन
गंभीर का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के पूर्व ओपनर और भाजपा सांसद गौतम गंभीर एक वायरल वीडियो की वजह से चर्चा में हैं। दरअसल, गंभीर ने उस वीडियो में फैंस की ओर देखकर आपत्तिजनक इशारे किए थे। इस पर कुछ फैंस नाराज हो गए। इस घटना को कुछ फैंस ने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और अब इसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस मामले पर अब गंभीर ने सफाई भी दी है। गंभीर ने इस मामले को लेकर ट्वीट भी किया है।
विज्ञापन

वायरल वीडियो में गंभीर का आपत्तिजनक इशारा

वायरल वीडियो भारत बनाम पाकिस्तान मैच का बताया जा रहा है। गंभीर एशिया कप के लिए श्रीलंका गए हुए हैं और वह कमेंट्री पैनल का हिस्सा हैं। वीडियो में भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान बारिश के समय वह वापस पवेलियन लौटते दिखते हैं। इसी बीच दर्शक दीर्घा से फैंस कथित तौर पर कोहली-कोहली और धोनी-धोनी चिल्लाने लगते हैं। गंभीर कई मौकों पर धोनी की आलोचना कर चुके हैं और इससे प्रतीत होता है कि वह भारत के पूर्व कप्तान को पसंद नहीं करते। ऐसे में फैंस कथित तौर पर कोहली-धोनी के नारे लगाने लगते हैं। इससे गंभीर नाराज दिखे और उन्होंने फैंस की ओर देखकर आपत्तिजनक इशारा किया। 

यह उस वीडियो के अंश हैं जिसकी बात की जा रही है - फोटो : सोशल मीडिया
पहले भी मैदान में फैंस पर भड़क चुके हैं गंभीर
यह पहली बार नहीं है जब गंभीर फैंस से इस प्रकार भिड़े हों। आईपीएल में लखनऊ सुपर जाएंट्स की मेंटरिंग करने वाले गंभीर इस साल कोहली-कोहली के नारे से भी बौखला गए थे। उनके और कोहली के बीच हुए विवाद के बाद फैंस ने गंभीर के सामने कोहली-कोहली के नारे लगाए थे, जिस पर गंभीर भड़क गए थे। ऐसे में अब उनका यह नया वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है। 

इस मामले पर सफाई देते हुए गंभीर ने कहा- देखिए पहली बात तो ये जो सोशल मीडिया पर जो भी दिखाया जाता है, उसमें कोई सच्चाई नहीं होती। सोशल मीडिया पर लोग अपनी तरफ से जो दिखाना चाहें वह दिखाते हैं। सच्चाई यह है जो भी वीडियो वायरल हुआ है, अगर आप देश विराधी नारे लगाएंगे या फिर कश्मीर को लेकर बात करेंगे तो व्यक्ति इसी तरीक से तो रिएक्ट करेगा या हंस के चला जाएगा? सिर्फ यही कारण था कि वहां दो से तीन पाकिस्तानी लोग थे जो भारत के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे तो इसी वजह से वह नैचुरल रिएक्शन था। मैं अपने देश के खिलाफ सुन नहीं सकता हूं।

गंभीर ने कहा- इसी कारण से वह रिएक्शन था। आप गालियां देंगे या देश के खिलाफ कुछ उल्टा बोलेंगे तो आप क्या एक्सपेक्ट करते हैं कि हंस के चला जाऊं या कुछ न बोलूं, क्योंकि उस तरह का व्यक्ति तो मैं हूं भी नहीं। मैं इतना ही कहना चाहूंगा कि जब आप मैच देखने आए हैं तो सिर्फ अपनी टीम को सपोर्ट करें। वहां पर कुछ पॉलिटिकल करने की जरूरत नहीं है, कश्मीर का मुद्दा उठाने की जरूरत नहीं है या हिंदुस्तान के खिलाफ गलत बोलने की जरूरत नहीं है। आप अपने देश को सपोर्ट करिए। वहां पर हिंदुस्तानी सपोर्टर्स भी थे और वह अपने देश के खिलाड़ी का समर्थन कर रहे थे तो इसमें क्या खराबी है। आप यहां मैच देखने आए हैं, यहां पॉलिटिकल तो कुछ भी नहीं हो रहा। अगर आप अच्छे से प्यार से सपोर्ट करते अपनी टीम को तो क्या खराबी है। 
विज्ञापन

गंभीर ने कहा- सिर्फ इतने ही कमेंट्स आ रहे थे। इससे ज्यादा कुछ नहीं आ रहा था। मैं ये कहना चाहूंगा कि जब भी भारत-पाकिस्तान खेले, तो मैं दोनों ही देशों के फैंस से कहना चाहूंगा कि आप अपने देश को सपोर्ट करिए। किसी भी खिलाड़ी या किसी भी व्यक्ति को न तो उसके देश के बारे में गलत बोलिए न कश्मीर के बारे में बोलिए। एक मीडियाकर्मी ने सवाल पूछा कि ऐसा कहा जा रहा है कि फैंस धोनी-धोनी चिल्ला रहे थे, इस वजह से आपने ऐसा रिएक्ट किया। इस पर गंभीर ने कहा- वही मैं कह रहा हूं न कि सोशल मीडिया पर जो दिखाया जाता है, उसे अपनी मर्जी से ट्विस्ट किया जाता है। जो मन करता है उस तरीके से सोशल मीडिया पर दिखाया जाता है। सोशल मीडिया पर सबकुछ तो कैप्चर होता नहीं है। या सबकुछ तो दिखाया जाता नहीं है। मेरा मानना है कि अगर वहां भारतीय लोग थे वो अगर किसी को भी सपोर्ट कर रहे थे या किसी के भी नारे लगा रहे थे तो मेरी तरफ से नहीं लगा रहे थे। मैंने तो उन लोगों को रिएक्ट किया था जिन लोगों ने हिंदुस्तान विरोधी नारे लगाए थे। आप मुझसे क्या एक्सपेक्ट करते हैं कि उन लोगों को कुछ न बोला जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें