गत विजेता श्रीलंका की टीम गुरुवार को जब एशिया कप के मुकाबले में खेलने उतरेगी तो उसकी कोशिश यहां पलेकल में पहली बार बांग्लादेश को हराने पर रहेगी। दोनों टीमें 2013 में पिछली बार पलेकल में आमने-सामने हुई थी और उस मैच में बांग्लादेश ने श्रीलंकाई टीम को तीन विकेट से हराया था।
हालांकि दोनों टीमें अपने अहम खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही हैं। श्रीलंका ने 2022 में (टी-20 प्रारूप में) एशिया कप जीता था। श्रीलंकाई खिलाड़ी वानिंदु हसरंगा, दुश्मंता, लाहिरू कुमारा और दिलशान मधुशंका चोटों से जूझ रहे हैं, जबकि कुसाल परेरा अभी कोविड-19 से ठीक नहीं हुए हैं। टीम के बल्लेबाज पाथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने और चरिथ असालंका से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। साथ ही टीम उम्मीद करेगी कि कप्तान दासुन शनाका बांग्लादेश के खिलाफ अपनी फॉर्म हासिल कर लें जो पूरे साल आक्रामक बल्लेबाजी नहीं कर पाए हैं। स्पिनर महीश तीक्ष्णा और तेज गेंदबाज कासुन रजीता को अपने मुख्य गेंदबाजों की कमी पूरी करनी होगी।
दास एशिया कप से बाहर
वहीं, बांग्लादेश की टीम भी इसी स्थिति में जूझ रही है। बांग्लादेश की टीम को चोटिल तमीम इकबाल, तेज गेंदबाज इबादत हुसैन और विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास की कमी खलेगी। दास वायरल बुखार से अभी तक उबर नहीं सके हैं, जिससे बुधवार को वह पूरे एशिया कप से बाहर हो गए। विकेटकीपर बल्लेबाज अनामुल हक बिजॉय को दास की जगह शामिल किया है। बांग्लादेश की टीम घरेलू मैदान पर मजबूत है, लेकिन वह इस साल इंग्लैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज गंवा बैठी थी। कप्तान शाकिब, मुश्फिकुर रहीम और नजमुल शांटो ने इस साल 400 से ज्यादा रन बनाए हैं। अनुभवी मुस्तफिजुर रहमान, शोरीफुल इस्लाम और तस्किन अहमद ने इस साल गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है।
श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), पाथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, कुसाल परेरा, कुसाल मेंडिस, चरिथ असालंका, धनंजय डि सिल्वा, सादीरा समरविक्रमा, महीश तीक्ष्णा, दुनिथ वेलांगे, माथिशा पाथिराना, कासुन रजीता, दुशान हेमंता, बिनुरा फर्नांडो, प्रमोद मदुशान।
बांग्लादेश: शाकिब अल हसन (कप्तान), नजमुल हुसैन शांटो, तौहिद हृदय, मुश्फिकर रहीम, अफीफ हुसैन ध्रुबो, मेहदी हसन मिराज, तस्किन अहमद, हसन महमूद, मुस्तफिजुर रहमान, शोरिफुल इस्लाम, नासुम अहमद, शाक मेहदी हसन, नईम शेख, शमिम हुसैन, तंजिद हसन तमीम, तंजिम हसन शाकिब, अनामुल हक बिजॉय।
अनुभवी खिलाड़ियों की कमी खलेगी। लिटन पिछले चार या पांच वर्षों से टीम का हिस्सा रहे हैं और वह निरंतर बांग्लादेश के लिए अच्छा भी कर रहे हैं। लेकिन इसका मतलब है कि इससे किसी अन्य खिलाड़ी को मौका मिलेगा और मुझे उम्मीद है कि वह इस मौके का पूरा इस्तेमाल करेंगे। - शाकिब अल हसन, कप्तान, बांग्लादेश
हम चोटों को नियंत्रित नहीं कर सकते। दुर्भाग्य से हमारे जो खिलाड़ी चोटिल हुए वो बड़े खिलाड़ी हैं। लेकिन हमारी टीम युवा है और यह उनके लिए अच्छा अनुभव होगा और हम टूर्नामेंट में अच्छा करने का प्रयास करेंगे। - दासुन शनाका, कप्तान, श्रीलंका