फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asia Cup: एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग पर अड़ा पाकिस्तान, यूएई के खिलाफ देरी से शुरू हो सकता है मैच

Wed, 17 Sep 2025 06:44 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारतीय खिलाड़ियों के हाथ न मिलाए जाने से बौखलाए पाकिस्तान ने आईसीसी को पत्र लिखकर तत्कालीन मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को अगले मैच से हटाने की मांग की थी, इसे आईसीसी ने ठुकरा दिया था। इसके बाद पाकिस्तान ने दोबारा पत्र लिखा, जिसे भी खारिज कर दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक इसके बाद पाकिस्तान यूएई के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले से हटने का फैसला ले सकती है।
विज्ञापन
मोहसिन नकवी और पायक्रॉफ्ट - फोटो : ANI/Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पाकिस्तान की टीम एशिया कप में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ बुधवार को खेले जाने वाले मैच में नहीं खेलने का फैसला ले सकती है। इसका दावा पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज (Geo News) ने किया है। दरअसल, भारतीय खिलाड़ियों के द्वारा हाथ न मिलाए जाने से बौखलाए पाकिस्तान ने आईसीसी को पत्र लिखकर मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की थी, जिसे खेल की वैश्विक संस्था ने ठुकरा दिया था। अब खबर आ रही है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले में पायक्रॉफ्ट को ही रैफरी बनाया गया है। ऐसे में पाकिस्तान टीम इस मैच से हटने का फैसला ले सकती है। वहीं, रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि पाकिस्तान की टीम अब तक होटल से नहीं निकली है। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान बनाम यूएई मैच एक घंटे देरी से शुरू हो सकता है।
विज्ञापन


आईसीसी ने खारिज की मांग
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एंडी पायक्रॉफ्ट को हटाने के लिए आईसीसी को दूसरा मेल किया था, जिसे भी खारिज कर दिया गया है। वहीं, अगर पाकिस्तान की टीम बुधवार को यूएई के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले में नहीं खेलती है तो मेजबान टीम को पूरे अंक दे दिए जाएंगे। पीसीबी (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) के एक सूत्र ने कहा कि खिलाड़ियों को 'अपने कमरों में रहने और आगे के निर्देशों की प्रतीक्षा करने के लिए कहा गया है।'

भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में खिलाड़ियों ने मैच के बाद हाथ नहीं मिलाया। इसके विरोध में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में शामिल नहीं हुए। पीसीबी ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए पायक्रॉफ्ट को जिम्मेदार ठहराया। बोर्ड का आरोप है कि पायक्रॉफ्ट ने सलमान को सूर्यकुमार से हाथ मिलाने से रोका और दोनों कप्तानों के बीच टीम शीट के आदान-प्रदान की सामान्य प्रक्रिया को भी रोक दिया।

सूर्यकुमार यादव - फोटो : PTI
भारतीय पक्ष की सफाई
सूर्यकुमार यादव ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता और भारतीय सेना द्वारा की गई 'ऑपरेशन सिंदूर' के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए हाथ नहीं मिलाया गया।

पाकिस्तान का आरोप
पाकिस्तान ने भारतीय खिलाड़ियों की इस कार्रवाई को 'खेल भावना के विपरीत' करार दिया और पायक्रॉफ्ट पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। पीसीबी ने इस आरोप के साथ एशिया कप से हटने की धमकी भी दी थी और आईसीसी को औपचारिक रूप से पत्र भेजकर पायक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया।

अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है, तो उसे लगभग 140 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है। साथ ही, यह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की छवि के लिए भी नुकसानदायक होता, खासकर जब एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के मौजूदा अध्यक्ष खुद पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी हैं।

मोहसिन नकवी और एंडी पॉयक्रॉफ्ट - फोटो : ANI
पीसीबी ने पहले पत्र में क्या कहा था?
पीसीबी ने आईसीसी को भेजे अपने पहले पत्र में लिखा था, 'मैच रेफरी अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे। कप्तानों और दोनों टीमों के बीच सम्मान सुनिश्चित करना और सकारात्मक माहौल बनाना उनका कर्तव्य था, लेकिन उनकी गतिविधियां इसके विपरीत रहीं। यह आचरण आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद दो का उल्लंघन है, जो मैच ऑफिशियल के आचरण को खेल की भावना के अनुरूप रखने की बात करता है। इस मामले की गंभीरता, राजनीतिक पृष्ठभूमि और इसके दूरगामी प्रभावों को देखते हुए, इस आचरण ने खेल की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है।'
विज्ञापन

भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI
आईसीसी के नियम क्या कहते हैं?
आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.1.1 के अनुसार, 'खेल की भावना को क्रिकेट के कानूनों की प्रस्तावना के माध्यम से परिभाषित किया जा सकता है, जिसमें अंपायरों की भूमिका और पारंपरिक मूल्यों के प्रति सम्मान शामिल होता है।' हालांकि, विरोधी टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाना केवल एक परंपरा है, इसे क्रिकेट के किसी नियम में अनिवार्य नहीं किया गया है।

आईसीसी ने पीसीबी की मांग ठुकरा दी थी और पायक्रॉफ्ट को एशिया कप में बरकरार रखने की बात कही थी। पीसीबी को आईसीसी से जो अस्वीकृति पत्र मिला, उस पर आईसीसी के महाप्रबंधक वसीम खान के हस्ताक्षर थे, जो पहले खुद पीसीबी के सीईओ रह चुके हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें