फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asia Cup 2025: एशिया कप टी20 के सात अन्य देशों के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड, सिर्फ इन दो टीमों के खिलाफ मिली हार

Fri, 22 Aug 2025 01:54 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारत ने एशिया कप टी20 में 2016 और 2022 संस्करण को मिलाकर कुल 10 मैच खेले हैं और इसमें से आठ में जीत हासिल की है। पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ 2022 में टीम इंडिया को दो मैचों में हार मिली।
विज्ञापन
एशिया कप टी20 - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एशिया कप 2025 की तैयारियों के बीच, भारतीय टीम का रिकॉर्ड और आगामी मुकाबलों का कार्यक्रम अब क्रिकेट फैंस के लिए चर्चा का विषय बन चुका है। टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट के इस संस्करण के सात अन्य देशों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है और सिर्फ पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी दो टीमों के खिलाफ ही हार झेली है। एशिया कप टी20 का यह तीसरा संस्करण है। इससे पहले यह टूर्नामेंट 2016 और 2022 में खेला गया था। 2016 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया चैंपियन बनी थी, जबकि 2022 में श्रीलंका ने खिताब पर कब्जा जमाया था।भारत ने एशिया कप टी20 में 2016 और 2022 संस्करण को मिलाकर कुल 10 मैच खेले हैं और इसमें से आठ में जीत हासिल की है। पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ 2022 में टीम इंडिया को दो मैचों में हार मिली थी।  
विज्ञापन

 
Trending Videos

एशिया कप टी20 - फोटो : ANI
भारत सात में से छह टीमों के खिलाफ खेल चुका
मौजूदा संस्करण की सात टीमों में से छह टीमों के खिलाफ भारत 2016 और 2022 में  खेल चुका है। इनमें बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, हांगकांग, श्रीलंका और यूएई शामिल हैं। ओमान के खिलाफ भारत इस साल पहली बार इस टूर्नामेंट में खेलेगा। बाकी की छह टीमों के खिलाफ भारत ने कुल 10 मैच खेले हैं। इसमें से भारत ने सात आठ मैच जीते हैं और दो में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। भारत जिन दो टीमों के खिलाफ हारा है, उनमें पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं। इन दोनों टीमों के खिलाफ भारत को 2022 में एक-एक बार हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान ने भारत को सुपर-फोर मैच में पांच विकेट से और श्रीलंका ने सुपर-फोर राउंड में ही छह विकेट से शिकस्त दी थी।

एशिया कप टी20 - फोटो : ANI
पाकिस्तान के खिलाफ तीन में से दो मैच जीते
भारत ने एशिया कप टी20 में बांग्लादेश के खिलाफ दो में से दोनों मैच जीते हैं। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ने तीन में से दो मैच जीते हैं और एक में हार का सामना करना पड़ा। अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप टी20 में भारत ने एक मैच खेला है और उसे जीता है। हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ भारत ने एक मैच खेला है और उसमें जीत हासिल की। श्रीलंका के खिलाफ भारत ने दो मैच खेले हैं और एक में उन्हें जीत मिली, जबकि दूसरे में हार का सामना करना पड़ा। यूएई के खिलाफ भारत ने एक मैच खेला है और जीत हासिल की है।

एशिया कप 2025 - फोटो : ANI
टी20 में बाकी सात टीमों के खिलाफ रिकॉर्ड
ओमान के खिलाफ भारत पहली बार टी20 में उतरेगा। अन्य छह टीमों के खिलाफ टीम इंडिया के टी20 रिकॉर्ड की बात करें तो कुल 73 मैचों में से 55 में जीत हासिल की है। 13 टी20 मैचों में भारत को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि दो मैच बेनतीजा रहे हैं। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 32 टी20 मैच खेले हैं और इनमें से 21 में जीत हासिल की है। नौ मुकाबलों में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच टाई और एक मैच बेनतीजा रहा है। बांग्लादेश के खिलाफ भारत ने 17 टी20 मुकाबले खेले हैं। इनमें से 16 में टीम इंडिया को जीत मिली है और एक में हार का सामना करना पड़ा है। 

पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने 13 टी20 मुकाबले खेले हं। इनमें से भारत ने नौ मुकाबले जीते हैं और तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। एक मैच टाई रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ने नौ टी20 खेले हैं। इनमें से टीम इंडिया को सात में जीत मिली। एक मैच टाई रहा और एक का कोई नतीजा नहीं निकला। हॉन्गकॉन्ग और यूएई के खिलाफ टी20 में भारत ने एक-एक मैच खेला है। दोनों ही मुकाबलों में भारतीय टीम को जीत मिली।

एशिया कप 2025 - फोटो : अमर उजाला
नौ सितंबर से टूर्नामेंट का आगाज
एशिया कप टी20 टूर्नामेंट का आगाज अगले महीने से होने जा रहा है। नौ सितंबर से 28 सितंबर तक टी20 प्रारूप में चलने वाले इस टूर्नामेंट का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। खासतौर पर इंतजार भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर है। टूर्नामेंट के शेड्यूल के मुताबिक, यह मैच 14 सितंबर को दुबई में होना है। हालांकि, अभी तक यह तय नहीं है कि भारतीय टीम यह मैच खेलेगी या नहीं। वहीं, भारत अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगा। 

एशिया कप 2025 - फोटो : अमर उजाला
भारत-श्रीलंका के नाम एक-एक खिताब
सबसे पहले आपको यह बता दें कि एशिया कप वनडे और टी20 दोनों प्रारूपों में खेला जाता है। अगले साल होने वाले आईसीसी के मेजर टूर्नामेंट को देखते हुए इसका प्रारूप तय किया जाता है। उदाहरण के तौर पर अगले साल टी20 विश्व कप खेला जाना है, इस वजह से इस साल एशिया कप टी20 प्रारूप में खेला जा रहा है। वहीं, 2023 में वनडे विश्व कप हुआ था। इस वजह से उस साल एशिया कप वनडे प्रारूप में खेला गया था।
विज्ञापन

एशिया कप 2025 - फोटो : अमर उजाला
1984 में हुई थी टूर्नामेंट की शुरुआत
1984 में इस टूर्नामेंट की शुरुआत हुई थी और तबसे लेकर 2014 तक यह टूर्नामेंट वनडे प्रारूप में ही खेला गया था। 2016 में पहली बार एशिया कप का आयोजन टी20 प्रारूप में हुआ था। फिर 2022 में दूसरी बार यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला गया। 2018 और 2023 में यह वनडे प्रारूप में खेला गया था। 2016 में भारत ने, जबकि 2022 में श्रीलंका ने एशिया कप टी20 अपने नाम किया था। वनडे और टी20, दोनों प्रारूपों को मिला दिया जाए, तो भारत कुल आठ बार चैंपियन बना है। इसके बाद श्रीलंका का नंबर आता है। यह टीम छह बार एशिया कप का खिताब जीत चुकी है। वहीं, पाकिस्तान की टीम दो बार चैंपियन बनी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें