भारत के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि मौजूदा वनडे एशिया कप में पाकिस्तान की टीम खतरनाक है और उसे हराना चुनौतीपूर्ण है। टूर्नामेंट में भारत का पहला मुकाबला दो सितंबर को पाकिस्तान से होगा। भारतीय टीम जब पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप में खेली थी तो अश्विन टीम इंडिया के सदस्य थे। उन्होंने मेलबर्न में विजयी रन बनाया था।
अश्विन ने कहा, ''बाबर आजम और रिजवान लगातार अच्छी पारियां खेलते रहे तो एशिया कप और विश्वकप में पाकिस्तान बेहद खतरनाक टीम होगी। पाकिस्तान के पास असाधारण प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। उनके पास बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं। लेकिन विभिन्न टी-20 लीगों में खेलने से पिछले पांच छह साल में उनकी बल्लेबाजी फिर अच्छी हुई है।''
चार साल बाद वनडे में पाकिस्तान से खेलेगा भारत
भारत और पाकिस्तान की टीमें चार साल बाद वनडे में आमने-सामने होंगी। पिछली बार 2019 विश्व कप के दौरान मैनचेस्टर में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराया था। एशिया कप भारतीय टीम के लिए विश्व कप की तैयारियों का आखिरी मौका है। ऐसे में वह पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम को हराकर टूर्नामेंट में बेहतरीन शुरुआत करना चाहेगी।
एशिया कप के लिए दोनों टीमें
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, ईशान किशन, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा। बैकअप: संजू सैमसन।
पाकिस्तान: अब्दुल्ला शफीक, फखर जमान, इमाम-उल-हक, बाबर आजम (कप्तान), सलमान अली आगा, इफ्तिखार अहमद, तैयब ताहिर, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद हारिस, शादाब खान (उपकप्तान), मोहम्मद नवाज, उसामा मीर, फहीम अशरफ, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी।