इंग्लैंड ने पूर्व स्पिनर और वारविकशायर क्रिकेट के निदेशक एश्ले जाइल्स को वन-डे और टी-20 टीम का कोच नियुक्त किया है। मौजूदा कोच एंडी फ्लावर टेस्ट टीम के साथ बने रहेंगे।
जाइल्स इंग्लैंड टीम के चयनकर्ता की भूमिका भी निभाते रहेंगे। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) लंबे समय से फ्लावर के काम के दबाव को कम करने की कोशिश में लगा था और इसी दिशा में उसने यह कदम उठाया है। इसके तहत उसने जनवरी में भारत के खिलाफ होने वाली वन-डे सीरीज से ही उन्हें आराम देने का फैसला किया। हालांकि फ्लावर न्यूजीलैंड दौरे पर भी टेस्ट टीम के कोच बने रहेंगे।
मुख्य कोच नियुक्त किए जाने के बाद जाइल्स ने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहली बार कोच बनकर मैं बेहद खुश हूं। हाल के दिनों में मैंने एंडी के साथ बतौर चयनकर्ता करीब से काम किया है। उम्मीद है कि टीम को वन-डे और टी-20 में मजबूत बनाने की दिशा में भी उनसे मदद मिलती रहेगी।’ फ्लावर ने कहा, ‘पिछले कुछ समय से इंग्लैंड क्रिकेट में काफी सुधार हुआ है और अब हम जाइल्स के साथ मिलकर इसे जारी रखने की पूरी कोशिश करेंगे।
मेरी भूमिका में परिवर्तन होने के बाद मुझे नई चुनौतियों से सही से निपटने में मदद मिलेगी जिससे इंग्लैंड टीम के विकास को हम लगातार बनाए रखने में सफल रहेंगे। साथ ही इससे हमें क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में बढ़िया करने में भी मदद मिलेगी। इस बदलाव के बाद मुझे हरेक सीरीज से पहले बेहतर योजना बनाने का मौका मिलेगा और मैं परिवार के साथ भी अधिक से अधिक समय बिता पाऊंगा।’