पांच मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीसरे टेस्ट के पहले दिन कप्तान माइकल क्लार्क के नाबाद शतक की बदौलत तीन विकेट पर 303 रन बना लिए हैं।
129 रन पर ही तीन विकेट गिर जाने के बाद क्लार्क ने स्टीवन स्मिथ के साथ 174 रन की अटूट साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को संभाला। स्टंप्स के समय क्लार्क 125 जबकि स्मिथ 70 रन बनाकर खेल रहे थे।
सुबह ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। शेन वाटसन (19) और क्रिस रोजर्स ने पहले विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।
रोजर्स ने 114 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि उस्मान ख्वाजा मात्र एक रन बनाकर आउट हो गए। ख्वाजा का विकेट डीआरएस के विवादों की भेंट चढ़ा।
अंपायर द्वारा आउट दिए जाने के बाद ख्वाजा ने डीआरएस का सहारा लिया। टीवी रिप्ले में साफ दिख रहा था कि ग्रीम स्वान की गेंद पर बैट का किनारा नहीं लगा है लेकिन इसके बावजूद थर्ड अंपायर ने ख्वाजा को आउट करार दिया। इंग्लैंड की ओर से स्वान अब तक दो विकेट ले चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में तीन परिवर्तन करते हुए डेविड वार्नर, मिचेल स्टार्क और स्पिनर नाथन लियोन को टीम में शामिल किया है।