ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज की शुरुआत हो चुकी है। पर्थ में पहले टेस्ट में कुछ ऐसा हुआ, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी। 143 साल के एशेज इतिहास में पहली बार दोनों टीमों की पहली पारी में शून्य पर पहला झटका लगा। इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और शून्य पर जैक क्राउली आउट हुए।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया को शून्य पर जेक वेदराल्ड के रूप में पहला झटका लगा। इससे यह मैच रिकॉर्ड बुक में एक अनोखी जगह बना चुका है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पहली टेस्ट सीरीज 1877 में खेली गई थी। हालांकि, इस सीरीज को एशेज नाम 1882 में दिया गया था।
वेदराल्ड का यह डेब्यू टेस्ट है। वह डेब्यू टेस्ट पर डेब्यू पारी में खाता खोले बिना आउट होने वाले पांचवें ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं। इससे पहले इस लिस्ट में केन म्यूलेमैन, जैक मोरोनी, मैथ्यू एलियट और फिल ह्यूज शामिल हैं।
इंग्लैंड की पहली पारी 172 रन पर समाप्त हुई
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया।ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग-11 में नाथन लियोन के रूप में एक स्पिनर रखा है। वहीं, इंग्लैंड ने कोई स्पिनर नहीं रखा है और टीम चार तेज गेंदबाज के साथ उतरी है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी की और पूरी टीम 33 ओवर के अंदर 172 रन पर सिमट गई। सबसे ज्यादा रन हैरी ब्रूक ने बनाए। वह 52 रन बना सके, जबकि ओली पोप ने 46 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने कहर बरपाते हुए सात विकेट झटके, जबकि डेब्यूटेंट डॉगेट को दो विकेट मिले।
जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में नौ विकेट पर 123 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल इंग्लैंड से 49 रन पीछे है। फिलहाल नाथन लियोन और ब्रैंडन डॉगेट क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी खराब रही। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन एलेक्स कैरी ने बनाए। वह 26 रन बना सके। बेन स्टोक्स अब तक पांच विकेट झटक चुके हैं।