गेंद से छेड़खानी विवाद के बाद आलोचनाओं और छवि खराब होने की शर्मिंदगी झेल रहे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का सिर एशेज ट्रॉफी बरकरार रखने से एक बार फिर फख्र से ऊंचा हो गया है। देश की मीडिया ने टीम की जमकर सराहना की है।
करीब 18 महीने पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट विवादों से घिरा था जब तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और सलामी बल्लेबाज कैमरन बेनक्रॉफ्ट पर गेंद से छेड़खानी के आरोप लगे थे।
इस विवाद से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट पर अंगुली उठी और खेल भावना पर बहस छिड़ गई। तीनों क्रिकेटरों पर प्रतिबंध लगा और तत्कालीन कोच डैरेन लीमैन को पद छोड़ना पड़ा। जस्टिन लैंगर को नया कोच बनाया गया और ड्रेसिंग रूम के माहौल में काफी बदलाव आया।
एक साल का प्रतिबंध झेलकर वापसी करने वाले स्टीव स्मिथ चौथे एशेज टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की जीत के सूत्रधार रहे। सिडनी मॉर्निं हेरल्ड ने कहा, 'इस एशेज को स्मिथ की एशेज के रूप में याद रखा जायगा।' स्मिथ ने 134.2 की औसत से 3 शतक समेत 671 रन बना लिए हैं जिसमें चौथे टेस्ट में जड़ा दोहरा शतक भी शामिल है।