अरुण कार्तिक के शानदार नाबाद शतक ने दिल्ली को तमिलनाडु के खिलाफ सीधी जीत से रोक दिया। मेजबानों को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंकों से संतोष करना पड़ा।
फिरोजशाह कोटला पर मंगलवार को मुकाबले के चौथे व अंतिम दिन फालोऑन खेल रही तमिलनाडु ने सधी शुरुआत की। अरुण कार्तिक और अभिनव मुकुंद का विकेट दिल्ली के थके गेंदबाजों के हाथ नहीं आया। अरुण काफी मुखर होकर खेले। जबकि आउट ऑफ फार्म चल रहे मुकुंद संभलकर खेले। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 101 रनों की शतकीय साझेदारी निभाई।
मुकुंद 104 गेंदों में 38 रन बनाकर खब्बू स्पिनर विकास मिश्रा का शिकार बने। इसके तुरंत बाद जूनियर वर्ल्ड कप जीतने में मुख्य भूमिका निभाने वाले बाबा अपराजित भी नौ रन बनाकर विकास को विकेट दे बैठे। यहां से अनुभवी एस बद्रीनाथ ने कार्तिक के साथ मोर्चा संभाला। कार्तिक ने इस दौरान अपना शतक भी पूरा कर लिया।
दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 103 रन की शतकीय साझेदारी निभाते हुए दिल्ली की सीधी जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। कार्तिक 217 गेंदों पर दो छक्कों और 18 चौकों की मदद से 121 रन पर नाबाद लौटे। जबकि बद्रीनाथ ने 121 गेंदों पर 45 रन की नाबाद पारी खेली। विकास मिश्रा ने 64 रन पर दो विकेट लिए। दिल्ली के अब चार मैचों में 11 अंक हो गए हैं।
हिमाचल-झारखंड मैच ड्रा
हिमाचल प्रदेश और झारखंड के बीच ग्रुप ‘सी’ मैच ड्रा पर समाप्त हो गया और इसमें हिमाचल को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक मिल गए। झारखंड ने अपनी दूसरी पारी में आकाश वर्मा (117) के शतक और मनीष वर्धन (94) की शानदार पारी से दो विकेट पर 244 रन बनाए। झारखंड को इस मैच से एक अंक मिला। ग्रुप ‘सी’ में झारखंड 11 अंकों से चौथे और हिमाचल 10 अंकों से पांचवें स्थान पर है।
उड़ीसा की कर्नाटक पर शानदार जीत
गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से उड़ीसा ने कर्नाअक को ग्रुप बी मुकाबले में 65 रन से हरा दिया। उड़ीसा को इस जीत से 6 अंक मिले और वह चार मैचों में 13 अंकों से ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गया। कर्नाटक इतने ही मैचों में पांच अंकों से सातवें स्थान पर है। कर्नाटक के सामने 245 रन का लक्ष्य था लेकिन टीम 179 रन पर लुढ़क गई। आलोक साहू ने तीन विकेट झटके।