सोनू जालान उर्फ सोनू बाटला न सिर्फ भारत में बल्कि दूसरे मुल्कों में भी सट्टेबाजी का रैकेट चलाता है, उसके अंडरवर्ल्ड सरगना दाउद इब्राहिम से भी संबंध हैं। इससे पहले जालान को आईपीएल मैच में सट्टेबाजी के लिए मुंबई पुलिस ने 2012 में भी गिरफ्तार किया था। तब पूछताछ के दौरान उन्होंने मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों से कहा कि मैच को फिक्स करने के लिए शीर्ष श्रीलंकाई खिलाड़ी को 10 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है।
इस बार सोनू जालान को कल्याण कोर्ट से तब गिरफ्तार किया गया था, जब वह इसी केस में एक आरोपी से मिलने आया था। कहा जा रहा है कि पुलिस पूछताछ में बुकी ने अरबाज खान का नाम लिया है इसलिए पुलिस अब उनसे भी पूछताछ करेगी।
सोनू जालान उर्फ सोनू मलाड को ठाणे के एन्टी एक्सटॉर्शन सेल ने गिरफ्तार किया जिसके बाद कई चीजें सामने आने लगीं। ठाणे के एन्टी एक्सटॉर्शन सेल के पुलिस इंस्पेक्टर राजकुमार कोथमिरे का कहना है कि अरबाज खान सोनू जालान का दोस्त हुआ करता था, लेकिन उसका क्रिकेट बेटिंग में कोई हाथ नही है।
ठाणे क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आए बुकी सोनू मलाड उर्फ सोनू जालान ने पुलिस पूछताछ के दौरान कई अहम चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सूत्रों के मुताबिक, डी कंपनी के लिए काम करने वाले सोनू मलाड ने दो क्रिकेट मैच फिक्स किए थे।