भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) प्रतिष्ठित दलीप ट्रॉफी और ईरानी कप शुरू करने पर विचार कर रहा है। वहीं रणजी सत्र पहले से ही उसके कार्ड पर है। पिछले तीन सत्रों से दलीप ट्रॉफी और ईरानी कप का आयोजन नहीं हो रहा था। कोरोना की वजह से पहली बार 2020 में रणजी ट्रॉफी का आयोजन भी नहीं हुआ था।
बीसीसीआई की शीर्ष परिषद की बैठक में बृहस्पतिवार को अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि 2022-23 में संपूर्ण घरेलू सत्र का आयोजन होगा। संभावना है कि 8 सितंबर से सीनियर दलीप ट्रॉफी और 1 से 5 अक्तूबर तक ईरानी कप का आयोजन होगा। पहले दलीप ट्रॉफी पांच जोन के आधार पर होती थी। बाद में तीन टीमों का राउंड रॉबिन टूर्नामेंट होने लगा। वहीं ईरानी कप रणजी चैंपियन और शेष भारत के बीच होता है।
परिषद में सैयद मुस्ताक अली ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी, रणजी ट्रॉफी को लेकर भी चर्चा की गई। मुस्ताक अली टी-20 ट्रॉफी 11 अक्तूबर से और विजय हजारे वनडे ट्रॉफी 12 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
13 दिसंबर शुरू होंगे रणजी मुकाबले
रणजी ट्रॉफी के नए सत्र का शुभारंभ 13 दिसंबर से होगा। एक फरवरी से नॉकआउट मैच होंगे। बैठक में हुई चर्चा के अनुसार रणजी ट्रॉफी में आठ टीमों को चार एलीट ग्रुप में रखा जाएगा। प्लेट के एक ग्रुप में छह टीमें होंगी।
ग्रुप स्टेज पर एक टीम कम से कम सात मैच खेलेगी। वहीं, रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने के लिए एक टीम को कम से कम दस मैच खेलने होंगे। वहीं गांगुली ने कहा, आगामी सत्र में महिलाओं के लिए अंडर-16 टूर्नामेंट शुरू किया जाएगा।